मुंबई के आतंकी हमले में ऐतिहासिक ताजमहल होटल के क्षतिग्रस्त होने के बाद एक प्रमुख विरासत संस्था ने उसकी वास्तु भव्यता को बहाल करने का आज प्रस्ताव किया है।
इंडियन नेशनल ट्रस्ट फार आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इनटैक) ने कहा कि उसे विरासत होटल को मूल आकर्षक स्वरूप में लौटाने के लिए कुशलता हासिल है। इनटैक अध्यक्ष एस के मिश्रा ने इस संबंध में ताज होटल समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को एक पत्र लिखा है।
मिश्रा ने कहा कि ‘हम किलों और राजमहलों जैसी सौ साल पुरानी इमारतों का जीर्णोध्दार और संरक्षण करते रहे हैं। हम होटल की मूल सुदंरता बहाल कर सकते हैं।’
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर को आतंकवादियों ने होटल पर हमला किया था और इसके भीतर गोलीबारी तथा ग्रेनेड फेंके जाने से कई स्थानों पर आग लग गई थी।
मिश्रा ने कहा कि हम यह देख कर दुखी हैं कि होटल को आतंकवादियों का शिकार होना पड़ा। हम ताज समूह को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हम मरम्मत में सक्षम हैं और अगर हमें मौका दिया गया तो हम ताजमहल मुंबई की पुरानी भव्यता बहाल कर सकते हैं।
नागरिक अधिकारियों ने बताया है कि ओबेराय तथा ताज होटल की हैरिटेज इमारत में आग लगने विस्फोट होने तथा उसकी दीवारों पर गोलियां लगने के बाद इन इमारतों को कोई बड़ी क्षति नहीं पहुंची है।
अतिरिक्त नगर आयुक्त आर ए राजीव ने बताया कि ताज तथा ओबेराय होटलों एवं कोलाबा के नरीमन हाउस को सुरक्षा बलों द्वारा खाली किए जाने के बाद वृहन मुंबई नगर निगम के अभियंताओं को वहां भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि उनकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।