महाराष्ट्र में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:41 AM IST

महाराष्ट्र में चुनाव भले ही अभी दूर हों लेकिन राजनीतिक दलों ने सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। राज्य की सत्ता में काबिज शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अगला चुनाव मिलकर लडऩे की बात कर रही हैं जबकि कांग्रेस अकेले चुनाव लडऩे की बात कह रही है। कांग्रेस मुख्यमंत्री पद पर भी दावा ठोक रही है लेकिन उद्धव सरकार को पूरा समर्थन जारी रखेगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले लड़ेगी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि अगर आलाकमान ने उन्हें मौका दिया तो वह भी मुख्यमंत्री बनना चाहेंगे। महाराष्ट्र का किसान चाहता है कि अब राज्य में किसान का बेटा मुख्यमंत्री बने। पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस का अपना बड़ा जनाधार है। ऐसे में उसे और मजबूत करना साथ ही पार्टी को राज्य में नंबर वन बनाना यही हमारा लक्ष्य है। नाना पटोले ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी अकेले दम पर मैदान में उतरेगी।
इस पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि किसी नेता के किसी पद को लेकर बयान देने से कोई फर्क नहीं पड़ता। सभी दलों में पदों को लेकर बहुत से दावेदार होते हैं। कांग्रेस में ही कई नेता देश का नेतृत्व करने की क्षमता वाले हैं।

First Published : June 14, 2021 | 11:35 PM IST