संपत्ति पंजीकरण में मुंबई में आई 4 गुने की उछाल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:06 AM IST

मुंबई ने जून 2021 में राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधों के हटाये जाने के बाद सालाना आधार पर संपत्ति पंजीकरण में चार गुने की उछाल दर्ज की है।
मुंबई शहर और उप शहरी इलाकों में इस साल जून में 7,857 इकाइयों का संपत्ति पंजीकरण हुआ जबकि जून 2020 में 1,839 इकाइयों का पंजीकरण हुआ था। नाइट फ्रैंक इंडिया की ताजा रिपार्ट में खुलासा हुआ है कि जून 2021 में हुए पंजीकरणों की संख्या महामारी से पूर्व की अवधि जून, 2019 हुए पंजीकरणों से भी 39 फीसदी अधिक है।
रिपोर्ट में कहा गया है, ‘मुंबई में लॉकडाउन की अवधि पिछले वर्ष के समान होने के बावजूद प्रतिबंधों में धीरे धीरे ढील दिए जाने के बाद गतिविधियों में सुधार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक तेज रही।’ परामर्श कंपनी ने कहा कि जून 2021 में 42 फीसदी पंजीकरण उस महीने किए गए नए आवासीय बिक्रियों से थे जो मई 2021 के 29 फीसदी और अप्रैल 2021 के 7 फीसदी की तुलना में तीव्र सुधार को दर्शाता है। जून 2021 में 3,300 इकाइयों के साथ नए अपार्टमेंट की बिक्री मई 2021 में हुए 1,554 इकाइयों की बिक्री की तुलना में दोगुने से अधिक है और अप्रैल 2021 में हुए 710 इकाइयों की बिक्री की तुलना में 348 फीसदी अधिक है।
नई बिक्रियों में महिला घर खरीदारों की हिस्सेदारी मई 2021 के 1.8 फीसदी से सुधर कर जून 2021 में 4.7 फीसदी पर पहुंच गई। 8 मार्च, 2021 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार ने महिला घर खरीदारों को स्टाम्प शुल्क में 1 फीसदी की रियायत देने की घोषणा की थी जो 1 अप्रैल, 2021 से प्रभावी हुई।

First Published : July 1, 2021 | 11:54 PM IST