मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

सितंबर के आखिरी दिनों में खुलेंगे 6 नए फंड, जानें NFO की तारीख, जोखिम और एग्जिट लोड

इनमें निफ्टी नेक्स्ट 100, रियल एस्टेट और REIT, कॉन्ट्रा रणनीति, लाइफ साइकिल निवेश, स्मॉल कैप फंड्स और पूरे शेयर बाजार को ट्रैक करने वाले विकल्प शामिल हैं। ऐसे में नया फंड चुनने से पहले उसकी निवेश रणनीति, जोखिम और निवेश की अवधि समझना जरूरी है

mutual fund

प्रतीकात्मक फोटो

Last Updated: सितंबर 20, 2026 | 12:20 PM IST

Upcoming NFOs: म्युचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में कई नए निवेश विकल्प खुलने जा रहे हैं। 21 सितंबर से 30 सितंबर के बीच छह नए फंड निवेश के लिए खुलेंगे। इनमें जेरोधा म्युचुअल फंड, मोतीलाल ओसवाल म्युचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्युचुअल फंड, मिरे एसेट म्युचुअल फंड, व्हाइटओक कैपिटल म्युचुअल फंड और आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्युचुअल फंड की स्कीमें शामिल हैं।

इन फंड्स की निवेश रणनीति अलग-अलग है। इनमें निफ्टी नेक्स्ट 100, रियल एस्टेट और REIT, कॉन्ट्रा रणनीति, लाइफ साइकिल निवेश, स्मॉल कैप फंड्स और पूरे शेयर बाजार को ट्रैक करने वाले विकल्प शामिल हैं। ऐसे में नया फंड चुनने से पहले उसकी निवेश रणनीति, जोखिम और निवेश की अवधि समझना जरूरी है।

जेरोधा निफ्टी नेक्स्ट 100 ETF

जेरोधा म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है। इसका मकसद निफ्टी नेक्स्ट 100 इंडेक्स में शामिल कंपनियों के शेयरों में निवेश करके खर्च से पहले इंडेक्स के कुल रिटर्न के करीब रिटर्न देने की कोशिश करना है। यह एक पैसिव फंड है, इसलिए इसके रिटर्न और इंडेक्स के रिटर्न में ट्रैकिंग एरर के कारण कुछ अंतर हो सकता है। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (NFO) 21 सितंबर 2026 को खुलेगा और 5 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसमें कम से कम 1,000 रुपये से निवेश किया जा सकता है।

इसका बेंचमार्क निफ्टी नेक्स्ट 100 टीआरआई है। इसमें ग्रोथ विकल्प उपलब्ध है। कोई लॉक-इन नहीं है और एग्जिट लोड भी नहीं लगेगा। रिस्कोमीटर पर इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। केदारनाथ मिराजकर इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

मोतीलाल ओसवाल निफ्टी REITS एंड रियल्टी इंडेक्स फंड

मोतीलाल ओसवाल म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो सेक्टोरल कैटेगरी में आती है। इसका मकसद निफ्टी REITS एंड रियल्टी टोटल रिटर्न इंडेक्स के प्रदर्शन के करीब रिटर्न देने की कोशिश करना है। यह फंड मुख्य रूप से रियल एस्टेट और REIT से जुड़े निवेश विकल्पों पर केंद्रित रहेगा। इसमें ट्रैकिंग एरर का जोखिम रहेगा।

इस फंड का NFO 25 सितंबर 2026 को खुलेगा और 9 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसमें कम से कम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। इसका बेंचमार्क निफ्टी REITS एंड रियल्टी टीआरआई है। इसमें ग्रोथ विकल्प उपलब्ध है और कोई लॉक-इन नहीं है। हालांकि, निवेश के 15 दिनों के भीतर पैसा निकालने पर 1 फीसदी एग्जिट लोड लगेगा। इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। स्वप्निल पी मयेकर, राकेश शेट्टी और दिशांत मेहता इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

Also Read: भारतीय कंपनियों ने विदेश में झोंके 3.8 अरब डॉलर, एक साल पहले के 3.11 अरब डॉलर से बढ़ा आउटबाउंड निवेश

ICICI प्रूडेंशियल कॉन्ट्रा फंड

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो वैल्यू ओरिएंटेड कैटेगरी में आती है। यह फंड कॉन्ट्रा रणनीति के आधार पर शेयरों में निवेश करेगा। यानी फंड मैनेजर ऐसी कंपनियों में निवेश के मौके तलाशेंगे, जिन पर फिलहाल बाजार का रुझान कमजोर हो सकता है, लेकिन लंबी अवधि में उनमें बेहतर प्रदर्शन की गुंजाइश दिखाई देती है।

इस फंड का एनएफओ 28 सितंबर 2026 को खुलेगा और 12 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसमें कम से कम 1,000 रुपये से निवेश किया जा सकता है। इसका बेंचमार्क निफ्टी 500 टीआरआई है। इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। धर्मेश कक्कड़, गौरव चिकाने, साक्षत गोयल और शंकरन नरेन इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

मिरे एसेट लाइफ साइकिल फंड 2056

मिरे एसेट म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड हाइब्रिड स्कीम है और लाइफ साइकिल कैटेगरी में आती है। इसका मकसद लंबी अवधि में निवेशकों की पूंजी बढ़ाना है। इसके लिए यह फंड इक्विटी और इक्विटी से जुड़े साधनों के साथ डेट, मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स, इनविट्स, गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ तथा कमोडिटी डेरिवेटिव्स में निवेश कर सकता है। इस फंड का NFO 28 सितंबर 2026 को खुलेगा और 12 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसमें कम से कम 5,000 रुपये से निवेश किया जा सकता है।

इसके बेंचमार्क में निफ्टी 500 टीआरआई, निफ्टी शॉर्ट ड्यूरेशन इंडेक्स, सोने की घरेलू कीमत और चांदी की घरेलू कीमत शामिल हैं। इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। हर्षद बोरावके इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

व्हाइटओक कैपिटल डायवर्सिफाइड इक्विटी स्मॉल कैप एक्टिव FOF

व्हाइटओक कैपिटल म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो स्मॉल कैप कैटेगरी में आती है। यह फंड सीधे स्मॉल कैप कंपनियों के शेयर खरीदने के बजाय दूसरी इक्विटी आधारित स्मॉल कैप म्युचुअल फंड स्कीमों की यूनिट्स में निवेश करेगा। इसका मकसद लंबी अवधि में निवेशकों की पूंजी बढ़ाना है। इस फंड का एनएफओ 28 सितंबर 2026 को खुलेगा और 12 अक्टूबर 2026 को बंद होगा।

इसमें कम से कम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। इसका बेंचमार्क निफ्टी स्मॉलकैप 250 टीआरआई है। इसमें ग्रोथ विकल्प उपलब्ध है। कोई लॉक-इन नहीं है। हालांकि, एक साल के भीतर पैसा निकालने पर 1 फीसदी एग्जिट लोड लगेगा। रिस्कोमीटर पर इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। आशीष अग्रवाल, भाविन पटाडिया और निकुंज संपत इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

आदित्य बिड़ला सन लाइफ BSE टोटल मार्केट ETF

आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्युचुअल फंड की यह ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है। यह इंडेक्स बाजार के अलग-अलग आकार और सेगमेंट की कंपनियों को कवर करता है। चूंकि यह इंडेक्स को ट्रैक करने वाली स्कीम है, इसलिए इसमें ट्रैकिंग एरर का जोखिम रहेगा।

इस फंड का NFO 30 सितंबर 2026 को खुलेगा और 14 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। इसमें कम से कम 500 रुपये से निवेश किया जा सकता है। इसका बेंचमार्क बीएसई टोटल मार्केट टीआरआई है। इसमें ग्रोथ विकल्प उपलब्ध है। कोई लॉक-इन नहीं है और एग्जिट लोड भी नहीं है। रिस्कोमीटर पर इसे वेरी हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा गया है। मेहुल दामा और प्रिया श्रीधर इस स्कीम के फंड मैनेजर हैं।

सितंबर में खुलने वाले 6 NFO

NFO NFO तारीख न्यूनतम निवेश
जेरोधा निफ्टी नेक्स्ट 100 ETF 21 सितंबर–5 अक्टूबर 1,000 रुपये
मोतीलाल ओसवाल निफ्टी REITs एंड रियल्टी इंडेक्स फंड 25 सितंबर–9 अक्टूबर 500 रुपये
ICICI प्रूडेंशियल कॉन्ट्रा फंड 28 सितंबर–12 अक्टूबर 1,000 रुपये
मिरे एसेट लाइफ साइकिल फंड 2056 28 सितंबर–12 अक्टूबर 5,000 रुपये
व्हाइटओक कैपिटल डायवर्सिफाइड इक्विटी स्मॉल कैप एक्टिव FOF 28 सितंबर–12 अक्टूबर 500 रुपये
आदित्य बिड़ला सन लाइफ BSE टोटल मार्केट ETF 30 सितंबर–14 अक्टूबर 500 रुपये

सोर्स: वैल्यू रिसर्च


(डिस्क्लेमर: यहां NFO की डीटेल दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Advertisement