बाजार

3 दिन में 600 अरब डॉलर स्वाहा, आखिर SpaceX के शेयरों में क्यों मची इतनी बड़ी बिकवाली?

AI पर बड़े निवेश और बॉन्ड बिक्री की योजना के बाद SpaceX के शेयर तीन दिनों में 23% टूट गए। कंपनी की वैल्यू 600 अरब डॉलर से ज्यादा घट गई

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- June 23, 2026 | 10:58 AM IST

SpaceX Share Price: एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। कंपनी के शेयर सोमवार को 16 फीसदी टूट गए। इसके साथ ही तीन कारोबारी दिनों में कंपनी का बाजार मूल्य 600 अरब डॉलर से ज्यादा घट गया। सोमवार को स्पेसएक्स का शेयर 154.60 डॉलर पर बंद हुआ, जो कंपनी की लिस्टिंग के बाद का सबसे निचला स्तर है। हालांकि इसके बावजूद शेयर अभी भी अपने 135 डॉलर के आईपीओ मूल्य से करीब 15 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।

निवेशकों की चिंता क्यों बढ़ी?

गिरावट की बड़ी वजह कंपनी की नई फंड जुटाने की योजना मानी जा रही है। स्पेसएक्स ने पहली बार निवेश-योग्य (इनवेस्टमेंट ग्रेड) बॉन्ड जारी करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कंपनी इस बॉन्ड बिक्री के जरिए कम से कम 20 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी कर रही है। विश्लेषकों का मानना है कि यह फंडिंग मुख्य रूप से कंपनी की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए की जा रही है।

SpaceX का AI पर बढ़ रहा है फोकस

स्पेसएक्स ने हाल के महीनों में AI कारोबार पर तेजी से फोकस बढ़ाया है। फरवरी में कंपनी ने एलन मस्क की AI कंपनी xAI का अधिग्रहण किया था। इसके अलावा कंपनी ने सोमवार को AI स्टार्टअप रिफ्लेक्शन AI के साथ अरबों डॉलर का समझौता करने की भी घोषणा की। इस समझौते के तहत स्पेसएक्स कंप्यूटिंग संसाधन उपलब्ध कराएगी।

SpaceX IPO के बाद दिखी भारी उठापटक

स्पेसएक्स का 75 अरब डॉलर का आईपीओ हाल के वर्षों का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। लिस्टिंग के शुरुआती दिनों में शेयर में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, क्योंकि बाजार में कारोबार के लिए उपलब्ध शेयरों की संख्या सीमित थी और खुदरा निवेशकों की दिलचस्पी काफी ज्यादा थी।

यह पढ़ें: नुवामा की नई रणनीति: IT-बैंकिंग पर भरोसा, ऑटो और मेटल शेयरों से सतर्क रहने की सलाह

डेटा के मुताबिक लिस्टिंग के पहले पांच दिनों में खुदरा निवेशकों ने स्पेसएक्स के शेयरों में 40.5 करोड़ डॉलर की शुद्ध खरीदारी की थी। पिछले सप्ताह खुदरा निवेशकों ने स्पेसएक्स में जितना निवेश किया, वह अमेरिका की सात सबसे बड़ी टेक कंपनियों में कुल निवेश से भी ज्यादा था।

SpaceX वैल्यूएशन को लेकर सवाल

ब्रोकरेज फर्म कीबैंक कैपिटल मार्केट्स ने स्पेसएक्स पर अपनी पहली रेटिंग जारी करते हुए ‘सेक्टर वेट’ यानी होल्ड के बराबर रुख अपनाया है। विश्लेषकों का कहना है कि स्पेसएक्स अंतरिक्ष प्रक्षेपण और उससे जुड़े कारोबार में अभी भी अग्रणी कंपनी बनी हुई है। लेकिन कंपनी के लंबे समय की संभावनाओं का बड़ा हिस्सा मौजूदा शेयर मूल्य में पहले ही शामिल हो चुका है।

हालिया गिरावट के बावजूद स्पेसएक्स का बाजार पूंजीकरण अभी भी 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है। इसके साथ ही कंपनी दुनिया की छह सबसे मूल्यवान कंपनियों में बनी हुई है। हालांकि निवेशकों की नजर अब इस बात पर है कि AI कारोबार में कंपनी का बड़ा निवेश भविष्य में कितना रिटर्न दे पाता है और क्या मौजूदा ऊंची वैल्यूएशन को सही ठहरा पाता है। (ब्लूमबर्ग के इनपुट के साथ)

First Published : June 23, 2026 | 10:49 AM IST