Representative image
Omnitech Engineering Share Price: Omnitech Engineering Ltd. के पहली तिमाही (Q1FY27) के नतीजे आने के बाद गुरुवार को कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 14.4 फीसदी टूटकर 626 रुपये तक पहुंच गया। दोपहर करीब 12:30 बजे यह 12.76 फीसदी की गिरावट के साथ 638 रुपये पर कारोबार कर रहा था। वहीं, इसी दौरान निफ्टी 50 में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
हालांकि, कंपनी के वित्तीय नतीजे मजबूत रहे। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 43.19 फीसदी बढ़कर 29.31 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 20.47 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी की बिक्री भी 38.46 फीसदी बढ़कर 148.72 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले यह 107.41 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो कंपनी का शुद्ध मुनाफा 80.82 फीसदी बढ़कर 79.36 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष में यह 43.89 करोड़ रुपये था। वहीं, सालाना आधार पर कंपनी की बिक्री 49.11 फीसदी बढ़कर 511.30 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 342.91 करोड़ रुपये थी।
Globe Capital Market के एवीपी रिसर्च विपिन कुमार का कहना है कि Omnitech Engineering का शेयर पिछले पांच महीनों में 176 रुपये से बढ़कर 765 रुपये तक पहुंच गया था। उनके मुताबिक, तिमाही नतीजों के बाद शुरू हुई मुनाफावसूली 540 से 560 रुपये के स्तर पर जाकर रुक सकती है। उनका मानना है कि निवेशकों को नए निवेश से पहले इस स्तर पर शेयर में स्थिरता और तेजी के संकेत का इंतजार करना चाहिए।
Also Read | 8 साल से प्रोडक्शन टारगेट चूक रही ONGC, फिर भी कुछ ब्रोकरेज को दिख रहा 53% तक का रिटर्न
बता दें कि Omnitech Engineering का शेयर इसी साल 5 मार्च को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुआ था। कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए 583 करोड़ रुपये जुटाए थे। आईपीओ में 418 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 165 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल था। आईपीओ का प्राइस बैंड 216 से 227 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था, जबकि एक लॉट में 66 शेयर रखे गए थे।