Nestle Dividend: FMCG कंपनी नेस्ले इंडिया (Nestle India) ने अपने शेयरधारकों को स्पेशल डिविडेंड का तोहफा दिया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शुक्रवार को हुई बैठक में ₹2 प्रति इक्विटी शेयर का स्पेशल डिविडेंड मंजूर किया। इस खबर के बाद कंपनी का शेयर शुक्रवार के कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि ₹1 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर ₹2 का स्पेशल डिविडेंड दिया जाएगा। यह भुगतान कंपनी की रिटेन्ड अर्निंग्स (Retained Earnings) से किया जाएगा।
नेस्ले इंडिया ने 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को स्पेशल डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट तय की है। यानी जिन निवेशकों का नाम इस दिन कंपनी के रिकॉर्ड में शेयरधारक के तौर पर दर्ज होगा, वही इस डिविडेंड के हकदार होंगे।
कंपनी ने बताया कि स्पेशल डिविडेंड का भुगतान 30 जुलाई 2026 से शुरू होगा। इसी दिन वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित फाइनल डिविडेंड का भुगतान भी किया जाएगा। हालांकि फाइनल डिविडेंड का भुगतान कंपनी की 67वीं सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद होगा।
डिविडेंड के ऐलान के बाद शुक्रवार को नेस्ले इंडिया के शेयर में हल्की तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक बीएसई पर कंपनी का शेयर 0.58% की बढ़त के साथ ₹1,454.60 पर कारोबार कर रहा था।