प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
भारतीय शेयर बाजार में इस हफ्ते मेनबोर्ड IPO की भले ही शांति हो, लेकिन SME सेक्टर में थोड़ी हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह दो छोटी कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं, जिनका लक्ष्य बाजार से करीब 47 करोड़ रुपये जुटाने का है। ये दोनों ही IPO निवेश के लिए 12 मई को खुलेंगे और 14 मई तक खुले रहेंगे।
इस हफ्ते का सबसे बड़ा IPO ‘RFBL फ्लेक्सी-पैक’ का है। यह कंपनी IPO के जरिए कुल 35.33 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। कंपनी इसके लिए 70.65 लाख नए शेयर जारी करेगी। कंपनी ने प्रति शेयर 47 से 50 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। अगर आप इसमें निवेश करना चाहते हैं, तो आपको कम से कम 6,000 शेयरों के लिए अप्लाई करना होगा, जिसकी कीमत 3 लाख रुपये होगी।
साल 2005 में शुरू हुई यह कंपनी गुजरात में स्थित है और मल्टीलेयर फ्लेक्सिबल पैकेजिंग सामान बनाती है। इसके क्लाइंट फूड, फार्मा और होम केयर जैसे बड़े सेक्टर में फैले हुए हैं। कंपनी IPO से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल अपना कारोबार बढ़ाने और कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसकी लिस्टिंग NSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी।
दूसरा IPO ‘गोल्डलाइन फार्मास्युटिकल’ का है, जो 11.61 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए कंपनी 27 लाख नए शेयर जारी कर रही है। इसका प्राइस बैंड 41 से 43 रुपये रखा गया है। निवेशकों को इसमें भी कम से कम 6,000 शेयर खरीदने होंगे, जिसके लिए 2.58 लाख रुपये का निवेश जरूरी है। इसकी लिस्टिंग BSE SME पर होगी।
Also Read: MCap: शेयर बाजार में भूचाल! टॉप 4 कंपनियों का मार्केट कैप ₹1 ट्रिलियन घटा, SBI सबसे ज्यादा टूटा
यह कंपनी खुद दवाएं बनाने के बजाय ‘एसेट-लाइट’ मॉडल पर काम करती है। यानी यह बाहर से दवाएं बनवाकर अपने ‘गोल्डलाइन’ ब्रांड के तहत बेचती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में दिल की बीमारी, डायबिटीज और बच्चों की देखभाल से जुड़ी दवाएं शामिल हैं। कंपनी इस IPO से मिलने वाले पैसे का बड़ा हिस्सा यानी करीब 8.35 करोड़ रुपये अपना पुराना कर्ज चुकाने में खर्च करेगी।
अगर आप इन दोनों में से किसी भी IPO में पैसा लगाना चाहते हैं, तो 12 मई से 14 मई 2026 के बीच आवेदन कर सकते हैं। शेयरों का अलॉटमेंट होने के बाद इन कंपनियों की बाजार में लिस्टिंग 19 मई को होने की संभावना है। फिलहाल बाजार में इन दोनों ही IPO का GMP यानी ग्रे मार्केट प्रीमियम जीरो बना हुआ है।