असूचीबद्ध प्रतिभूतियों को सूचीबद्ध कराना चाहता है फ्रैंकलिन एमएफ

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 15, 2022 | 5:09 AM IST

फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्युचुअल असूचीबद्ध ऋण प्रतिभूतियों को एक्सचेंजों में सूचीबद्ध कराने के लिए फंड बॉन्ड जारी करने वालों से बातचीत कर रहा है। नकदी में इजाफे के लिए ऐसा किया जा रहा है।
फ्रैंकलिन एमएफ के प्रबंध निदेशक और मुख्य निवेश अधिकारी (फिक्स्ड इनकम) संतोष कामत ने पॉडकास्ट के जरिए कहा, हम बॉन्ड जारी करने वालों से इन असूचीबद्ध प्रतिभूतियों को सूचीबद्ध कराने के लिए बातचीत कर रहे हैं और यह द्वितीयक बाजार में उनकी नकदी पर सकारात्मक असर डाल सकता है।
ये पॉडकास्ट फंड हाउस की तरफ से लगातार दिए जाने वाले संदेश का हिस्सा है ताकि बंद हो चुकी छह योजनाओं के निवेशकोंं को जरूरी सूचना दी जा सके। कामत ने स्पष्ट किया कि पिछले साल अक्टूबर में असूचीबद्ध प्रतिभूतियों में निवेश के नियम में सख्ती के बाद फंड हाउस ने असूचीबद्ध प्रतिभूतियों में निवेश आधा कर दिया था। हालांकि यह कटौती महसूस नहीं की गई क्योंकि इन बदलावों के बाद प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों के प्रतिशत के तौर पर भी इसमें तेज गिरावट आई। पिछले महीने बाजार नियामक सेबी ने असूचीबद्ध बॉन्ड जारी करने वालों को अपनी प्रतिभूतियां सूचीबद्ध कराने के लिए तीन महीने का समय दिया। सेबी के नए नियम के तहत फंड हाउस बंद हो चुकी योजनाओं को एक्सचेंजों पर सूचीबद्ध कराने पर भी काम कर रहा है ताकि नकदी की तत्काल जरूरत वाले निवेशक इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकें।
निवेशकों व वितरकों के इस सवाल पर कि बंद की गई योजनाओं की रकम का निवेश लंबी परिपक्वता अवधि वाली प्रतिभूतियों में क्यों किया गया जबकि यह रकम अल्पावधि वाले निवेश के लिए थी, कामत ने कहा कि यह विशाखित पोर्टफोलियो बनाने का सामान्य चलन है और इसके तहत अलग-अलग परिपक्वता अवधि वाली प्रतिभूतियों में निवेश किया जाता है। उन्होंने कहा, कुछ औसत से भी कम और कुछ लंबा निवेश।

First Published : July 7, 2020 | 11:37 PM IST