बाजार

CG कंज्युमर से पॉलीकैब तक, इन 5 कंज्युमर ड्यूरेबल शेयरों पर ब्रोकरेज बुलिश, 46% तक तेजी की उम्मीद

मोतीलाल ओसवाल ने CG Consumer, Polycab, KEI Industries, LG Electronics और RR Kabel पर खरीदारी की राय दी है। इन शेयरों में 46% तक तेजी की उम्मीद है

Published by
दिग्विजय सिंह   
Last Updated- August 31, 2026 | 12:16 PM IST

Consumer Durable Stocks: फ्रिज, AC, पंखे, कूलर और घरों में इस्तेमाल होने वाले बिजली के दूसरे सामानों की मांग मजबूत बनी हुई है। इसका असर कंज्युमर ड्यूरेबल सेक्टर के प्रोडक्शन पर भी दिखाई दे रहा है। जुलाई 2026 में इस सेक्टर का प्रोडक्शन सालाना आधार पर 10.5 फीसदी बढ़ा। जून में भी इसमें 10.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

मजबूत मांग के बीच मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज (MOFSL) ने कंज्युमर ड्यूरेबल सेक्टर के 5 शेयरों पर खरीदारी की राय दी है। इनमें CG कंज्युमर इलेक्ट्रिकल, पॉलीकैब इंडिया, KEI इंडस्ट्रीज, LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया और RR काबेल शामिल हैं। इन शेयरों में 17 फीसदी से 46 फीसदी तक तेजी की उम्मीद जताई गई है।

CG कंज्युमर में 46% तेजी की उम्मीद

ब्रोकरेज ने CG कंज्युमर के शेयर पर खरीदारी की राय दी है। ब्रोकरेज ने शेयर पर लंबी अवधि के नजरिये से 340 रुपये का अपसाइड टारगेट दिया गया है। जबकि शेयर शुक्रवार को 233 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। यानी ब्रोकरेज को शेयर में करीब 46 फीसदी की तेजी की उम्मीद है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY27 और FY28 में कंपनी की प्रति शेयर कमाई में करीब 22 फीसदी और 20 फीसदी बढ़ सकता है। CG कंज्युमर पंखे, लाइट, पंप और रसोई में इस्तेमाल होने वाले बिजली के सामान बनाती है। मांग में सुधार और कमाई बढ़ने की उम्मीद कंपनी के शेयर के लिए अहम साबित हो सकती है।

पॉलीकैब इंडिया का टारगेट ₹11,900

पॉलीकैब इंडिया (Polycab India) पर भी ब्रोकरेज ने खरीदारी की राय बरकरार रखी है। इसके लिए 11,900 रुपये का टारगेट दिया गया है, जो 28 अगस्त को 9,095 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। इस लिहाज से शेयर करीब 31 फीसदी तेजी देखने को मिल सकता है।

Also Read | जी एंटरटेनमेंट के शेयर में 15% की भारी गिरावट, सुभाष चंद्र की दिवाला योजना पर फिर फंसा पेंच

चुंकि पॉलीकैब इंडिया का मुख्य कारोबार वायर और केबल से जुड़ा है। इसके अलावा कंपनी पंखे, लाइट और दूसरे बिजली के सामान भी बेचती है। घरों के निर्माण, बिजली के नेटवर्क पर बढ़ते खर्च और रियल एस्टेट सेक्टर की डिमांड से कंपनी को फायदा मिल सकता है। ब्रोकरेज को FY27 में कंपनी की प्रति शेयर कमाई करीब 22 फीसदी और FY28 में करीब 23 फीसदी बढ़ने का अनुमान है।

KEI इंडस्ट्रीज में 19% बढ़त संभव

ब्रोकरेज ने KEI इंडस्ट्रीज को खरीदने की सलाह दी है। साथ ही शेयर पर 6,630 रुपये का अपसाइड टारगेट दिया है। जबकि शेयर शुक्रवार को 5567 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। यानी ब्रोकरेज को शेयर में करीब 19 फीसदी की तेजी का अनुमान है। वायर और केबल कारोबार से जुड़ी कंपनी को घरों, उद्योगों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में बिजली के केबल की बढ़ती मांग का फायदा मिल सकता है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY27 में कंपनी की प्रति शेयर कमाई करीब 20 फीसदी बढ़ सकती है। अगले वित्त वर्ष में EPS करीब 26 फीसदी रहने का अनुमान है।

LG इलेक्ट्रॉनिक्स में 18% तेजी का अनुमान

मोतीलाल ओसवाल ने LG इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया पर खरीदारी की राय के साथ 2,000 रुपये का टारगेट दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के प्रोडक्ट्स में TV, फ्रिज, AC, वॉशिंग मशीन और दूसरे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। कंपनी के बिजनेस को शहरी मांग, प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती बिक्री और मजबूत ब्रांड का सहारा मिल सकता है।

ब्रोकरेज को FY27 में कंपनी की प्रति शेयर कमाई करीब 45 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, अगले वित्त वर्ष में यह बढ़त घटकर करीब 20 फीसदी रह सकती है।

RR काबेल में 17% तेजी की गुंजाइश

RR काबेल पर भी ब्रोकरेज ने खरीदारी की राय दी है। इसके लिए 3,400 रुपये का टारगेट तय किया गया है। यानी करीब 17 फीसदी की तेजी का अनुमान है। कंपनी वायर और केबल के अलावा पंखे, लाइट और दूसरे बिजली के प्रोडक्ट बेचती है। ब्रोकरेज को FY27 में कंपनी की प्रति शेयर कमाई 51 फीसदी से ज्यादा बढ़ने का अनुमान है, जबकि FY28 में कमाई करीब 26 फीसदी बढ़ सकती है।

कंज्युमर ड्यूरेबल सेक्टर की मांग कैसी है?

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में देश का औद्योगिक उत्पादन 6.7 फीसदी बढ़ा। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का उत्पादन 7.3 फीसदी और बिजली उत्पादन 8.7 फीसदी बढ़ा।

इस दौरान कंज्युमर ड्यूरेबल सामान का उत्पादन 10.5 फीसदी बढ़ा। अप्रैल से जुलाई के बीच इसमें कुल 8.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इसके उलट रोजमर्रा में जल्दी इस्तेमाल हो जाने वाले सामान यानी कंज्युमर नॉन-ड्यूरेबल का उत्पादन जुलाई में 1 फीसदी घट गया।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज/एक्सपर्ट की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : August 31, 2026 | 12:16 PM IST