बाजार

Auto Sector Boom: शादी सीजन और सस्ता लोन बना गेमचेंजर! TVS, Bajaj, Tata में तेजी के संकेत

मार्च 2026 में ऑटो सेक्टर में मजबूत ग्रोथ के संकेत हैं। टू-व्हीलर, कार, ट्रैक्टर और कमर्शियल वाहन सभी सेगमेंट में डबल डिजिट बढ़त की उम्मीद है

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 01, 2026 | 3:34 PM IST

देश का ऑटो सेक्टर इस समय मजबूत ग्रोथ ट्रेंड में बना हुआ है। नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 में भी सभी प्रमुख सेगमेंट में बिक्री की रफ्तार तेज रहने की उम्मीद है। बेहतर फाइनेंस सुविधा, नई गाड़ियों की लॉन्चिंग और ग्राहकों की मजबूत मांग इस ग्रोथ को सपोर्ट कर रही है।

टू-व्हीलर सेगमेंट में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल सकती है। घरेलू बाजार में बिक्री 15% से ज्यादा बढ़ने का अनुमान है। शादी-ब्याह का सीजन, आसान लोन और बेहतर कीमतें मांग को बढ़ा रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च में TVS की बिक्री करीब 25% बढ़कर 5.2 लाख यूनिट तक पहुंच सकती है, जबकि Bajaj Auto में 19% की तेजी के साथ 4.4 लाख यूनिट का अनुमान है। Hero MotoCorp और Royal Enfield में भी ग्रोथ रहेगी, लेकिन उत्पादन की सीमाओं के कारण Royal Enfield की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है।

मार्च 2026 अनुमानित बिक्री और ग्रोथ

कंपनी का नाम मार्च 2026 (यूनिट) ग्रोथ (%)
हीरो मोटोकॉर्प 6,00,000 9
बजाज ऑटो 4,40,000 19
टीवीएस मोटर 5,20,000 25
आयशर मोटर्स (रॉयल एनफील्ड) 1,09,000 8
आयशर (VECV) 13,900 15
अशोक लेलैंड 27,500 14
टाटा मोटर्स (CV) 46,500 13
टाटा मोटर्स (PV) 63,800 22
महिंद्रा (ऑटो) 99,000 18
महिंद्रा (फार्म) 39,000 12
मारुति सुजुकी 2,15,000 11
हुंडई 68,000 1
एस्कॉर्ट्स 12,500 10

ट्रैक्टर सेगमेंट में भी बढ़त जारी

ट्रैक्टर सेगमेंट में भी मार्च के दौरान 10% से ज्यादा ग्रोथ देखने को मिल सकती है। GST में कटौती और राज्य सरकारों की सब्सिडी से किसानों के लिए खरीद आसान हुई है, जिससे मांग बढ़ी है। Mahindra और Escorts की बिक्री क्रमशः करीब 12% और 10% बढ़ने का अनुमान है।

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी डबल डिजिट ग्रोथ के संकेत हैं। बेहतर माल ढुलाई, GST का सकारात्मक असर और आसान फाइनेंस उपलब्धता से मांग बढ़ रही है। Tata Motors के कमर्शियल वाहन कारोबार में करीब 13% की ग्रोथ का अनुमान है, जबकि Ashok Leyland और Eicher में भी अच्छी बढ़त देखी जा सकती है।

पैसेंजर व्हीकल में नई गाड़ियों का असर

पैसेंजर व्हीकल यानी कार सेगमेंट में भी मार्च में 10% से ज्यादा ग्रोथ की उम्मीद है। नई गाड़ियों की लॉन्चिंग, कम डिस्काउंट और बेहतर फाइनेंसिंग इस सेगमेंट को सपोर्ट कर रही है। Tata Motors की पैसेंजर गाड़ियों में करीब 22% की तेजी का अनुमान है, जबकि Mahindra में 18% और Maruti Suzuki में 11% ग्रोथ का अनुमान है। हालांकि Hyundai की ग्रोथ सीमित रह सकती है, क्योंकि उसके एक्सपोर्ट पर पश्चिम एशिया की स्थिति का असर पड़ रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सपोर्ट में भी ग्रोथ बनी रह सकती है, खासकर अफ्रीका और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों से मांग बढ़ रही है। हालांकि पश्चिम एशिया में तनाव और कंटेनर की उपलब्धता से कुछ दबाव भी देखने को मिल सकता है।

Also Read | Defence Stocks: ₹6.7 लाख करोड़ के डिफेंस बूस्ट के बीच 7 शेयरों पर BUY की सलाह

आगे भी बनी रह सकती है तेजी

ब्रोकरेज का मानना है कि FY26 से FY28 के बीच ऑटो सेक्टर में अच्छी ग्रोथ बनी रह सकती है। बेहतर आय, सस्ते लोन और नई टेक्नोलॉजी इस सेक्टर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

किन कंपनियों पर दांव

नुवामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑटो सेक्टर में Tata Motors (CV और PV), Bajaj Auto और TVS Motor सबसे मजबूत दांव माने जा रहे हैं। इन कंपनियों को मजबूत डिमांड, प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और ग्रोथ की संभावनाओं के आधार पर चुना गया है।

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : April 1, 2026 | 3:34 PM IST