एप्पल के जॉन टर्नस (बाएं) और टिम कुक | फोटो: ब्लूमबर्ग
एप्पल में अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी ने कहा है कि लंबे समय से सीईओ रहे टिम कुक अब पद छोड़ेंगे और उनकी जगह जॉन टर्नस संभालेंगे। यह बदलाव सितंबर से लागू होगा। कंपनी ने एक फोटो भी जारी की, जिसमें दोनों साथ चलते दिख रहे हैं। इससे साफ मैसेज है कि कंपनी का कामकाज ज्यादा नहीं बदलेगा, बस नेतृत्व बदलेगा।
जॉन टर्नस एप्पल में करीब 25 साल से काम कर रहे हैं और अभी हार्डवेयर टीम संभालते हैं। यानी iPhone, Mac, iPad जैसे प्रोडक्ट्स को बेहतर बनाने में इनकी बड़ी भूमिका रही है। कंपनी में इन्हें ऐसा इंसान माना जाता है जो काम को सही तरीके से पूरा करवाता है।
टर्नस के सामने आसान काम नहीं है। एप्पल हर साल बहुत बड़ी कमाई करती है, तो उस लेवल को बनाए रखना भी जरूरी है। लेकिन सिर्फ पुराने काम से काम नहीं चलेगा। उन्हें नए प्रोडक्ट भी लाने होंगे और खासकर AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में कंपनी को आगे बढ़ाना होगा।
अभी एप्पल AI के मामले में थोड़ा पीछे माना जा रहा है। स्मार्ट ग्लास जैसे प्रोजेक्ट्स में देरी हो रही है, नई Siri भी समय पर तैयार नहीं हो पा रही। कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स जैसे कार वाला प्लान भी बंद करना पड़ा। ऐसे में टर्नस को यहां तेजी दिखानी होगी।
टिम कुक जहां हर चीज पर सोच समझकर और सबकी राय लेकर फैसला लेते थे, वहीं टर्नस को जल्दी और साफ फैसला लेने वाला माना जाता है। मतलब अगर दो ऑप्शन हैं, तो वो एक चुन लेते हैं। चाहे सही हो या गलत, लेकिन काम आगे बढ़ता है।
एप्पल आने वाले समय में नए नए प्रोडक्ट्स पर काम कर रहा है। जैसे स्मार्ट होम डिवाइस, पहनने वाले गैजेट्स और फोल्ड होने वाला iPhone। लेकिन इनमें से कई चीजें अभी टाइम ले रही हैं, तो दबाव भी बना हुआ है।
टिम कुक पूरी तरह कंपनी से नहीं जाएंगे। वो एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनकर जुड़े रहेंगे और सरकारों से जुड़े बड़े काम संभालेंगे। (ब्लमूबर्ग के इनपुट के साथ)