भारत

भारत में हाईटेक विनिर्माण को बढ़ावा, विदेशी कंपनियों को BIS प्रमाणन से छूट देने की योजना

भारत में उनके निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उन्हें देश में लाने वाले सभी उपकरणों और घटकों के लिए बीआईएस प्रमाणन आवश्यकता से छूट का एक ढांचा तैयार करने को कहा गया है

Published by
कृति अंबे   
Last Updated- August 25, 2026 | 11:17 PM IST

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को टोक्यो में कहा कि सरकार भारत में हाई टेक प्रोडक्ट्स बनाने को इच्छुक विदेशी कंपनियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से प्रमाणन की आवश्यकता से छूट देने के लिए एक खाके की योजना बना रही है।

जापान की 4 दिन की यात्रा के दौरान गोयल ने कहा, ‘हमने बीआईएस और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सभी अन्य लोगों को हाई टेक उद्योगों का समर्थन करने के लिए एक रूपरेखा पर काम करने का निर्देश दिया है। भारत में उनके निर्माण को बढ़ावा देने के लिए उन्हें देश में लाने वाले सभी उपकरणों और घटकों के लिए बीआईएस प्रमाणन आवश्यकता से छूट का एक ढांचा तैयार करने को कहा गया है।’

जापान की सेमीकंडक्टर विनिर्माता टोक्यो इलेक्ट्रॉन के कॉर्पोरेट अधिकारी और कार्यकारी उपाध्यक्ष (वैश्विक बिक्री प्रभाग और भारत व्यवसाय) ताकेशी ओकुबो द्वारा सोमवार को बीआईएस प्रमाणन के बारे में चिंता जताए जाने के बाद यह जानकारी सामने आई है।

गोयल ने सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशल इंटेलिजेंस पर एक चर्चा में कहा कि प्रस्तावित रूपरेखा से न केवल जापानी कंपनियों बल्कि भारत में हाई टेक विनिर्माण शुरू करने की इच्छुक सभी विदेशी कंपनियों की मदद मिलने की उम्मीद है।

गोयल ने कहा, ‘मेरा मानना है कि यह एक बहुत ही तार्किक कदम है, क्योंकि टोक्यो इलेक्ट्रॉन और अन्य कंपनियां, जो उच्च गुणवत्ता वाले सेमीकंडक्टर उत्पाद बनाने आती हैं, देश में उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद लाएंगी। आप गुणवत्ता से बिल्कुल भी समझौता नहीं करेंगे, भले ही वह सस्ती कीमत पर आए।

First Published : August 25, 2026 | 11:17 PM IST