भारत

पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों पर फिर लौटी ठंड, दिल्ली-NCR में पारा 5 डिग्री तक लुढ़का

रविवार सुबह दिल्ली में औसत तापमान 5 डिग्री तक दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में पारा 5 डिग्री से भी नीचे गिर गया है।

Published by
बीएस वेब टीम
Last Updated- January 15, 2023 | 3:46 PM IST

मौसम विभाग (IMD) ने जो अनुमान लगाया था, ठीक उसी के मुताबिक दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की वापसी हो गई है। इसका कारण पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी है जिसने मैदानी इलाकों में ठंड को फिर से बढ़ा दिया है।

रविवार सुबह दिल्ली में औसत तापमान 5 डिग्री तक दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में पारा 5 डिग्री से भी नीचे गिर गया है। IMD ने चेतावनी भी दी है कि दिल्ली-NCR में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक भी पहुंच सकता है।

IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में सोमवार से शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान के गिरकर करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं आज यानी रविवार की बात करे तो, शनिवार के मुकाबले दिल्ली-NCR का पारा एक दम से गिरा है।

बता दें, शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 10. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन रविवार की सुबह होते होते पारा 5 डिग्री तक जा पहुँच गया।

IMD ने पहले ही रविवार के लिए हल्के कोहरे का अनुमान जताया है, जिसमें अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना जताई थी।

IMD की तरफ से ये भी कहा गया है कि दिल्ली-NCR में 16 जनवरी और 18 जनवरी के बीच शीतलहर चलेगी। आयानगर और रिज इलाके में मंगलवार और बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।

First Published : January 15, 2023 | 9:29 AM IST