टाटा किसे कहेगी ‘हैलो’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 9:53 PM IST

टाटा समूह में पिछले कुछ वक्त से ये तीनों सबसे अहम चेहरे रहे हैं। लेकिन महज 7 महीने में चेहरे बदलने जा रहे हैं।
दरअसल टाटा समूह के कुल कारोबार में 80 फीसदी से ज्यादा योगदान करने वाली कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टाटा स्टील और टाटा मोटर्स के सबसे ऊंचे ओहदों पर बैठने वाले बदल रहे हैं। उनकी जगह कमान संभालने वालों के नाम भी जल्द पता चल जाएंगे।
इन तीन सितारों में सबसे पहला नाम टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक (एमडी) रवि कांत का है, जो इस साल जून में ही रिटायर होने जा रहे हैं। दरअसल टाटा समूह की नीति के मुताबिक सभी कार्यकारी निदेशक 65 साल की उम्र में रिटायर हो जाते हैं और रवि कांत इस पड़ाव तक पहुंचने वाले हैं।
उनके बाद टाटा स्टील के एमडी बी मुत्तुरामन और टीसीएस के एमडी एस रामादुरै की बारी आएगी। वे सितंबर और अक्टूबर में रिटायर हो जाएंगे। उनकी जगह लेने वालों की तलाश खुद समूह के चेयरमैन रतन टाटा कर रहे हैं। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि ये तीनों दिग्गज घर बैठ जाएंगे।
कंपनी के गैर कार्यकारी निदेशकों के रिटायर होने की उम्र 75 साल है। इसलिए तीनों शीर्ष पद से उतरने के बाद भी अलग-अलग पदों पर कंपनी में रह सकते हैं। टाटा स्टील और टीसीएस के लिए नामों का ऐलान जुलाई या अगस्त में इन कंपनियों की प्रस्तावित वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान किया जा सकता है।
लेकिन टाटा मोटर्स के नए एमडी का नाम और भी पहले बता दिया जाएगा। वक्त नजदीक आने के साथ ही इन ओहदों के लिए नामों की चर्चा भी जोर पकड़ने लगी है। टाटा मोटर्स में कार्यकारी निदेशक पी एम तैलंग को अगला एमडी माना जा रहा है। उनके पक्ष में सबसे बड़ी बात यह है कि रवि कांत भी एमडी बनने से पहले कंपनी के कार्यकारी निदेशक थे।
हालांकि कंपनी के यात्री कार कारोबार के अध्यक्ष राजीव दुबे का नाम भी सुर्खियों में है, लेकिन उनकी उम्र महज 48 साल है। इसलिए माना जा रहा है कि 61 साल के तैलंग का दावा उन पर भारी पड़ेगा।
टीसीएस में तकरीबन डेढ़ साल पहले एन चंद्रशेखरन को सीओओ बनाया गया था। उन्हें रामादुरै की जगह लेने वाला माना जा रहा है। इसी तरह टाटा स्टील में सीओओ एच एम नेरुकर हैं। उनकी उम्र 59 साल है। उनके नाम की चर्चा है।
रवि कांत 
एमडी, टाटा मोटर्स
जून में रिटायर हो रहे हैं। इनकी जगह पी एम तैलंग हो सकते हैं नए एमडी।
बी मुत्तुरामन 
एमडी, टाटा स्टील
सितंबर में रिटायर हो रहे हैं। इनकी जगह एन चंद्रशेखरन के नाम की चर्चा।
एस रामादुरै
सीईओ एवं एमडी, टीसीएस
अक्टूबर में रिटायर हो रहे हैं। इनकी जगह एच एम नेरुकर संभाल सकते हैं कमान।

First Published : March 28, 2009 | 6:03 PM IST