फीकी हुई टाटा चाय

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 08, 2022 | 5:42 AM IST

आर्थिक संकट और रियल एस्टेट क्षेत्र में जारी मंदी की वजह से टाटा टी की ब्रांडेड चाय दुकान ‘चाय ऊंचाई’ के विस्तार की योजना में 6-8 महीने का विलंब हो गया है।


‘चाय ऊंचाई’ चाय दुकानें इस साल जनवरी में बेंगलुरु में शुरू की गई थीं। कंपनी ने पूरे देश में अपनी इन चाय दुकानों का जाल फैलाने से पहले परीक्षण बाजार के तौर पर बेंगलुरु का इस्तेमाल करने की योजना बनाई थी।

टाटा टी की कार्यकारी निदेशक (मार्केटिंग) संगीता तलवार ने कहा, ‘आर्थिक मंदी और रियल एस्टेट क्षेत्र में आई गिरावट के कारण चाय ऊंचाई की विस्तार योजना में 6-8 महीने का विलंब हुआ है। फिलहाल इस विस्तार योजना में तेजी नहीं ला रहे हैं।’

तलवार कई और रिटेल फॉर्मेट के साथ प्रयोग किए जाने के पक्ष में हैं। मौजूदा फॉर्मेट न तो वेंडिंग कियोस्क है और न ही कॉफी पार्लर। यह टी साइड स्टॉल की तुलना में थोड़ा बड़ा है, लेकिन अधिक बिक्री वाली कॉफी दुकानों के मामले में पीछे है।

तलवार ने कहा, ‘हम अगले 3-4 महीनों में बेंगलुरु में अपने चाय पार्लर के लिए रिटेल चेन का कैफे फॉर्मेट पेश करेंगे और अपने ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर फैलाने से पहले खरीदाराें का जवाब देखेंगे।’

First Published : November 26, 2008 | 10:16 PM IST