स्ट्राइड वेंचर्स ने 1,000 करोड़ रुपये का दूसरा फंड उतारा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:26 AM IST

वेंचर डेट फंड स्ट्राइड वेंचर्स ने 1,000 करोड़ रुपये की लक्षित राशि के साथ अपना दूसरा फंड पेश किया है और उसने अतिरिक्त 875 करोड़ रुपये जुटाने के लिए ग्रीनशू ऑप्शन की घोषणा की है। कंपनी शुरुआती स्तर से लेकर पुराने स्टार्टअप में निवेश बरकरार रखेगी।
कंपनी ने कहा है कि नए फंड की अवधि चार साल की होगी और इस अवधि में पूंजी का इस्तेमाल और पुन:इस्तेमाल होगा।
यह फंड मुख्य तौर पर बी2बी कॉमर्स और एसएएस, कंज्यूमर, हेल्थटेक, फिनटेक, एग्रीटेक जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। दूसरे फंड में बड़े पारिवारिक कार्यालयों, सॉवरिन फंडों, पीई फंडों, बीमा कंपनियों और पूरे भारत, सिंगापुर और जीसीसी से एचएनआई की भागीदारी होगी।
स्ट्राइड वेंचर्स के संस्थापक एवं प्रबंधन भागीदार इशप्रीत गांधी ने कहा, ‘महामारी के बावजूद, हमारे फंड ने निवेशकों के परिसंपत्ति आवंटन के लिए अच्छी विविधता के तौर पर पहचान बनाई है और लगातार मजबूत तथा निरंतर प्रतिफल दिया है। हमने अपने मौजूदा निवेशकों से अच्छी दिलचस्पी आकर्षित की है और साथ फंड-2 के लिए नए निवेशकों के जुडऩे की संभावना देख रहे हैं। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए हम अगले तीन महीने के अंदर अपने दूसरे फंड का पहला चरण पूरा होने की संभावना तलाश रहे हैं।’
वर्ष 2019 में स्थापित, स्ट्राइड वेंचर्स ने 350 करोड़ रुपये का शुरुआती लक्ष्य हासिल होने के बाद इस साल के शुरू में अपना पहला फंड पूरा किया था। उसने अब तक पॉकेट एसेंज, मीको, शुगर कॉस्मेटिक्स, इन्फ्रा.मार्केट, और होम लेन जैसे 20 से ज्यादा स्टार्टअप को वित्तीय सहायता प्रदान की है। कंपनी ने इस साल जनवरी से 200 करोड़ से ज्यादा की राशि वितरित की है। उसने कंपनी में प्रिंसीपल अपूर्व शर्मा को दूसरे फंड के लिए पार्टनर के तौर पर चयनित किया है।
स्ट्राइड वेंचर्स में मैनेजिंग पार्टनर अभिनव सूरी ने कहा, ‘हम अपनी पोर्टफोलियो कंपनियों के लिए अनुकूल ऋण ढांचा मुहैया कराने के लिए लगातार नवाचार पर जोर दे रहे हैं और जोखिम करने के लिए उन्हें ऋण पूंजी आधार मजबूत बनाने में मदद मुहैया करा रहे हैं।’

First Published : May 25, 2021 | 11:26 PM IST