स्कोडा की नजर छोटी कार के बाजार पर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 9:44 PM IST

फॉक्सवैगन समूह की कंपनी स्कोडा इंडिया भी भारत में छोटी कार लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के मुताबिक, स्कोडा इंडिया वर्ष 2011 तक 1-1.2 लीटर क्षमता वाली छोटी कार पेश करेगी। जिसकी कीमत कंपनी के एंट्री लेबल कारों (फाबिया) से कम हो सकती है।
कंपनी का कहना है कि फाबिया के शुरुआती मॉडल की कीमत 4.7 लाख रुपये है, जबकि आने वाली छोटी कार की कीमत इससे कम होगी और हुंडई आई 10 के आस-पास रह सकती है। स्कोडा इंडिया के निदेशक मंडल के सदस्य थॉमस कुहेल ने बताया कि अभी कार का नाम तय नहीं किया गया है, लेकिन डिजाइन पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में छोटी कारों, खासकर 5 लाख रुपये तक की कारों का बड़ा बाजार है। ऐसे में कंपनी इस सेगमेंट में अपनी पैठ बनाने की तैयारी कर रही है। उनके मुताबिक, इस सेगमेंट में अगले पांच सालों के दौरान 30 लाख कारों की मांग होगी। कुहेल के मुताबिक, नई कार को भारत के औरंगाबाद और पुणे संयंत्र में एसेंबल किया जाएगा।
वर्ष 2008 में कंपनी के कारों की बिक्री में 38 फीसदी का इजाफा हुआ है और करीब 16,250 कारों की बिक्री की गई। इसमें सबसे ज्यादा बिक्री हैचबैक मॉडल फाबिया (6,800 कारों की बिक्री) की हुई। कंपनी की बी प्लस सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी केवल 6 फीसदी है, जबकि 13 से 16 लख रुपये के प्रीमियम सेगमेंट में यह 52 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे है।
छोटी कार लॉन्च करने से पहले कंपनी देशभर में अपने डीलर नेटवर्क को बढ़ाने की योजना भी बना रही है। कंपनी के मुताबिक, अभी देशभर में 60 डीलर हैं, जिसकी संख्या 2011 तक बढाकर 90 करने की योजना है। कुहेल का कहना है कि इस साल कंपनी 10 नए डीलरों को अपने साथ जोड़ेगी।
इसके साथ ही कंपनी अपनी कारों के लिए स्थानीय वेंडरों के उपकरण और कल-पुर्जों की मात्रा बढ़ाने की भी योजना बना रही है। फिलहाल 5 फीसदी कल-पुर्जे ही स्थानीय वेंडरों से लिए जा रहे हैं, जबकि शेष पाट्र्स आयात किया जाता है। कंपनी स्थानीय कल-पुर्जों की हिस्सेदारी 50 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी में है।

First Published : March 26, 2009 | 10:48 PM IST