आईपीएल से ज्यादा कमाई की फिराक में सेटमैक्स

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 9:52 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मेजबान प्रसारक सेटमैक्स ने विज्ञापन के स्पॉट रेट के लिए विज्ञापनदाताओं से 30-35 फीसदी प्रीमियम की मांग की है।
सेटमैक्स इन मैचों का प्रसारण भारतीय समयानुसार शाम 4 से 8 बजे के बीच करेगा। गौरतलब है कि ट्वेंटी-20 क्रिकेट के इस टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण 18 अप्रैल से दक्षिण अफ्रीका के 8 शहरों में शुरू हो रहा है।
सेटमैक्स पहले ही ज्यादातर ऑन-एयर प्रायोजकों का निर्णय 220 से 230 करोड़ रुपये में कर दिया है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक, सभी विज्ञापनों की पहले से तय दरों में बढ़ोतरी संभव है। गौरतलब है कि सेटमैक्स ने फरवरी में बीसीसीआई के साथ करार किया था। इस करार में सेटमैक्स ने पिछले साल की तुलना में करीब दोगुनी राशि बीसीसीआई को दी थी।
सेटमैक्स के एक सूत्र ने बताया, ”हमारा खर्च पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है। इसकी भरपाई के लिए विज्ञापन के स्पॉट रेट में वृद्धि करने के सिवा दूसरा कोई उपाय नहीं है।” अब चैनल की नजर 10 सेकंड के विज्ञापन को प्रीमियम पर बेचने पर लगी है ताकि राजस्व बढ़ाया जा सके।
चैनल का मानना है कि पूरा आईपीएल टूर्नामेंट चूंकि दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा इसलिए इसे काफी ऊंची टीवी रेटिंग मिलेगी। गुड़गांव स्थित एक शीर्ष मीडिया एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, ”सेटमैक्स भारत में प्राइम टाइम के दौरान प्रसारित होने वाले 10 सेकंड के विज्ञापनों के लिए 5.2 लाख रुपये की मांग कर रहा है। फरवरी में हुए समझौतों की तुलना में यह राशि कम से कम 30-35 फीसदी अधिक है।”
हालांकि पहले हुए स्पॉट अनुबंध की शर्तें अब भी यथावत ही रहेंगी। सेटमैक्स इसके अलावा विज्ञापनदाताओं के साथ हुए स्पॉट रेट अनुबंध की भी समीक्षा कर रहा है।

First Published : March 28, 2009 | 5:46 PM IST