‘खूब पड़ी सत्यम की साख पर चोट’

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:36 AM IST

अमेरिकी कंपनी आईगेट कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी फणीश मूर्ति के मुताबिक फर्जीवाड़े में फंसी सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज ने ग्राहकों की नजर में अपना मूल्य खो दिया है।
मूर्ति ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘साख हासिल करने में अभी वक्त लगेगा। सत्यम के ग्राहकों ने कंपनी छोड़ना शुरू कर दिया है, क्योंकि उसने अपना मूल्य खो दिया है। हमलोगों को भी इस कंपनी को खरीदने में दिलचस्पी नहीं है।’
जब उनसे यह कहा गया कि सत्यम के नए बोर्ड ने कंपनी के साथ ग्राहकों के सामंजस्य को बरकरार रखा है, तो उन्होंने कहा कि मुझे तो सिर्फ यह सूचना मिल रही है कि ग्राहक कंपनी छोड़कर जा रहे हैं।
पिछले महीने आईगेट ने सत्यम को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी और कंपनी इस करार को अमली जामा पहनाने के लिए फंड उगाही के रास्ते भी तलाश रही थी। आईगेट आउटसोर्सिंग सॉल्यूशन प्रदान करने वाली कंपनी है। कंपनी भारत में अपने पैर पसार रही है।
हैदराबाद की हाइटेक सिटी विशेष आर्थिक क्षेत्र में कंपनी ने 66 हजार वर्ग फीट जगह हासिल की है।
खाता पुनरीक्षण में लगेंगे छह महीने
डेलॉयट के साथ सत्यम के खातों के पुनरीक्षण का काम कर रही केपीएमजी ने कहा कि इसमें छह महीने से ज्यादा वक्त लगेगा।
केपीएमजी के भारत स्थित मुख्य परिचालन अधिकारी रिचर्ड रेखी ने बताया कि इसमें छह महीने से कम समय नहीं लगेगा । सत्यम के नए निदेशक मंडल ने वित्तीय स्थिति के पुनरीक्षण और तिमाही नतीजा तैयार करने का जिम्मा केपीएमजी और डेलॉयट को दिया गया था।

First Published : February 18, 2009 | 11:27 PM IST