पेट्रोलियम सचिव आर. एस. पांडेय ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज अप्रैल के पहले सप्ताह से कृष्णा गोदावरी बेसिन के डी 6 तेल क्षेत्र से प्राकृतिक गैस का उत्पादन शुरू करेगी।
पांडेय ने कहा, ‘मुझे कहा गया है कि अप्रैल के पहले सप्ताह से रिलायंस उत्पादन शुरू करेगी।’ देश में गैस की उपलब्धता दोगुनी करने का दावा करने वाले केजी डी 6 तेल-गैस क्षेत्र डेढ़ साल में आठ करोड़ स्टैंडर्ड घन मीटर प्रतिदिन का उच्चतम उत्पादन करने लगेगा।
शुरुआत में इस क्षेत्र की क्षमता 5-10 एमएमसीडी होगी, जबकि जुलाई में इसे बढ़ाकर 40 एमएमसीडी किया जाएगा। पांडेय ने कहा कि रिलायंस उर्वरक कंपनियों के साथ अगले कुछ दिनों में गैस बिक्री अनुबंध पर हस्ताक्षर करेगी जो उसके पहले ग्राहक होंगे।
उर्वरक विभाग और रिलायंस ने कहा कि समझौते पर लगभग फैसला किया जा चुका है और अगले कुछ दिनों में गैस बिक्री एवं खरीद समझौते पर हस्ताक्षर किया जाएगा।