फाइजर ने कोविड टीके के लिए जल्द मंजूरी मांगी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:12 AM IST

दवा बनाने वाली वैश्विक कंपनी फाइजर के चेयरमैन एवं सीईओ अल्बर्ट बोर्ला ने सोमवार को कहा कि कंपनी भारत में फाइजर-बायोनटेक टीका उपलब्ध कराने की खातिर उसे जल्दी मंजूरी दिलाने के लिए भारत सरकार के साथ बीतचीत कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि फाइजर अपने अमेरिका, यूरोप और एशिया के वितरण केंद्रों से 7 करोड़ डॉलर (करीब 510 करोड़ रुपये) की दवाएं भारत भेज रही है।
बोर्ला ने फाइजर इंडिया के कर्मचारियों को भेजे पत्र में कहा, ‘हम भारत में कोविड-19 के हालात से बेहद चिंतित हैं और दिल से आपके, आपके प्रियजनों और भारत के सभी लोगों के साथ हैं।’ उन्होंने यह मेल लिंक्डइन पर पोस्ट किया है।
बोर्ला ने कहा, ‘हम इस बीमारी के खिलाफ भारत की लड़ाई में भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध हैं और अपनी कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ी मानवीय राहत के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि फिलहाल अमेरिका, यूरोप और एशिया के वितरण केंद्रों में फाइजर के सहयोगी इन दवाओं को तेजी से भारत भेजने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
बोर्ला ने कहा, ‘हम ये दवाइयां दान कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि देश के हर सार्वजनिक अस्पताल में प्रत्येक जरूरतमंद कोविड-19 रोगी को फाइजर की दवाएं मिल सकें।’ उन्होंने कहा कि 7 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की इन दवाओं को तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम सरकार तथा अपने एनजीओ साझेदारों के साथ मिलकर काम करेंगे।’

First Published : May 3, 2021 | 11:55 PM IST