तेल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) की विदेशी शाखा ओएनजीसी विदेश लिमिटेड (ओवीएल) तेल-गैस की फिराक में इंपीरियल एनर्जी के बाद अब इराक पहुंच रही है।
कंपनी दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल भंडार इराक में कुछ तेल उत्खनन ब्लॉकों के लिए बोली लगाने की योजना बना रही है।इराक ने 31 दिसंबर 2008 को 11 तेल और गैस ब्लॉकों के लिए बोली मंगाने का ऐलान किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की नामी कंपनियों के लिए खुली इस बोली से पहले पिछले साल ही आठ तेल और गैस क्षेत्रों की नीलामी के लिए बोली मंगाई थी। हालांकि पहले दौर की बोली के बाद से विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमत कमोबेश 70 फीसदी लुढ़क चुकी है।
ब्लॉक तय नहीं
बोली लगाने के लिए इराक ने जिन 35 कंपनियों को हरी झंडी दिखाई है, उनमें ओवीएल भी शामिल है।
ओवीएल के एक अधिकारी ने बताया, ‘इराक सरकार ने इन सभी क्षेत्रों से संबंधित जानकारी बेचना दिसंबर में ही शुरू किया। हमने जानकारी खरीदी और जल्द ही हम इस बारे में भी फैसला कर लेंगे कि किन तेल-गैस क्षेत्रों के लिए बोली लगाई जाए।’