मुफ्त ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर उपलब्ध कराएगी ओला

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:57 AM IST

राइड-हेलिंग फर्म होला की धर्मादा इकाई ओला फाउंडेशन ने ओला ऐप के जरिये लोगों को मुफ्त ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर उपलब्ध कराने के लिए गिवइंडिया के साथ साझेदारी की है। बेंगलूरु में 500 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर के साथ इस सेवा की शुरुआत इसी सप्ताह होने वाली है। ओला और गिवइंडिया आगामी सप्ताहों में 10,000 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर के साथ इस सेवा का देश भर में विस्तार करेगी।
ओला के चेयरमैन एवं ग्रुप सीईओ भाविश अग्रवाल ने कहा, ‘गिव इंडिया के साथ ओ2फॉरइंडिया अभियान के तहत हम जरूरतमंदों को मुफ्त और आसानी से ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर उपलब्ध कराएंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि यह पहल संकट के इस दौर में काफी जरूरी मदद साबित होगी और प्रभावित लोगों की चिंताओं को दूर करने में मदद करेगी।’
ग्राहक ओला ऐप को लॉग ऑन करते हुए कुछ बुनियादी जानकारी प्रदान करने के बाद ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर के लिए आग्रह कर सकेंगे। इस प्रकार आग्रह किए जाने के बाद उसकी वैधता जांच की जाएगी और उसके बाद ओला खास तौर पर प्रशिक्षित ड्राइवर वाले अपने किसी कैब के जरिये ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर ग्राहकों के दरवाजे तक पहुंचा  देगी।
रोग के ठीक होने और ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर की जरूरत न होने के बाद ओला उसे वापस मंगाकर गिव इंडिया को वापस कर देगी ताकि किसी अन्य जरूरतमंद रोगी तक उसे पहुंचाया जा सके। यह पूरी प्रक्रिया निर्बाध होगी और ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर से लेकर दरवाजे तक डिलिवरी और पिकअप की व्यवस्था बिल्कुल मुफ्त होगी।

First Published : May 10, 2021 | 11:21 PM IST