मुंबई स्थित रियल एस्टेट कंपनी ओबेरॉय रियल्टी आने वाली तिमाहियों में आवासीय इमारतें दोबारा तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी के चेयरमैन विकास ओबेरॉय ने आज यह बात कही। ओबेराय ने विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा, ‘हमने इस योजना को ध्यान में रखते हुए नए लोगों की नियुक्ति की है और इनकी संख्या और बढ़ा रहे हैं। उनका काम ऐसी परियोजनाओं की पहचान कर उन पर काम करना है।’
ओबेरॉय ने कहा कि कंपनी बड़ी आवासीय सोसाइटी विकसित करने के लिए पूरी तरह तैयार है और संयुक्त रूप से इस कार्य को अंजाम दे रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल पुनर्विकास परियोजना के लिए ओबेरॉय रियल्टी ने भी बोली लगाई थी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनकी कंपनी जमीन खरीदने पर सक्रियता से विचार कर रहे हैं। ओबेरॉय ने कहा, ‘हम जमीन खरीदना जारी रखेंगे। इस समय ज्यादातर कंपनियों के हाथ तंग हैं इसलिए जमीन खरीदने का यह बढिय़ा अवसर है।’