अगस्त में प्रदर्शन, पूंजी आवंटन और मूल्यांकन से जुड़ी चिंताएं घटने के बाद वित्त वर्ष 2021 के लिए बिक्री की संभावना में सुधार का महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (एमऐंडएम) के वित्तीय प्रदर्शन और शेयर पर सकारात्मक असर दिखने का अनुमान है। यह शेयर इस वित्त वर्ष के शुरू से अब तक 124 प्रतिशत तक चढ़ा है और भविष्य में बिक्री और आय अनुमानों में संशोधन को देखते हुए इसमें अभी और तेजी देखी जा सकती है।
अनुमानों में संशोधन के लिए मुख्य कारक कंपनी का ट्रैक्टर सेगमेंट है जिसने घरेलू ट्रैक्टर बिक्री में 69 प्रतिशत की वृद्घि दर्ज की है। यूटिलिटी वाहन सेगमेंट ने भी 3 प्रतिशत वृद्घि के साथ उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। इससे कंपनी के लिए आपूर्ति शृंखला पर दबाव (संयंत्रों और श्रम उपलब्धता), ग्रामीण इलाकों में महामारी के प्रसार, और सभी सेगमेंट बाजार भागीदारी में नुकसान आदि से जुड़ी चिंताएं कम हुई हैं।
उत्पाद पूरी क्षमता के साथ होने और आपूर्ति संबंधित समस्याएं दूर होने से विश्लेषकों को बिक्री में सुधार आने और कंपनी (वित्त वर्ष 2021 में साल में अब तक बिक्री में 3 प्रतिशत की गिरावट) और क्षेत्र, दोनों के लिए ट्रैक्टर सेगमेंट में गिरावट थमने की उम्मीद है। कई ब्रोकरों ने वित्त वर्ष 2021 के लिए ट्रैक्टर क्षेत्र की वृद्घि या तो सपाट बने रहने या इसमें कुछ सुधार आने का अनुमान जताया है, लेकिन अब ऊंचे सरकारी खर्च और सामान्य मॉनसून की वजह से इसमें एक अंक की वृद्घि की संभावना है। जेएम फाइनैंशियल के विश्लेषकों का मानना है कि ट्रैक्टर व्यवसाय अच्छी स्थिति में है और कंपनी इस उद्योग में शानदार मांग और बाजार भागीदारी में वृद्घि (41 प्रतिशत से ज्यादा) का लाभ उठाने, नई उत्पाद पेशकशों और नेटवर्क विस्तार के लिए शानदार स्थिति में है। कंपनी ने मित्सुबिशि की भागीदारी में विकसित नए हल्के ट्रैक्टर प्लेटफॉर्म (के2) को पेश करने की योजना बनाई है, जिसमें चार क्षेत्रों के लिए 38 मॉडल होंगे।
नोमुरा रिसर्च के अनुसार, यह पेशकश न सिर्फ भारतीय बाजार में बल्कि निर्यात बाजारों में भी एक उत्प्ररेक के तौर पर कारगर साबित हो सकती है। कंपनी ने उम्मीद से बेहतर यात्री वाहन बिक्री भी दर्ज की है। जहां यात्री और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 22 प्रतिशत से ज्यादा की कमी आने का अनुमान था, लेकिन कंपनी ने स्पोट्र्स यूटिलिटी वाहनों और पिक-अप के लिए अच्छी मांग की मदद से 16 प्रतिशत की कम गिरावट दर्ज की। 60 प्रतिशत से ज्यादा वाहन बिक्री (बोलेरो और स्कॉर्पियो समेत) में ग्रामीण खंड का योगदान है और महामारी के बीच व्यक्तिगत गतिशीलता के लिए पसंद देखी जा रही है। यूटिलिटी वाहन क्षेत्र में, पिछले महीने थार की पेशकश के बाद कंपनी ने इस क्षेत्र में कई और वाहनों को पेश करने की तैयारी की है जिनमें फोर्ड के साथ भागीदारी में तैयार किए जाने वाले वाहन भी शामिल हैं। कनेक्टिविटी के लिए बढ़ रही जरूरत से भी उसके हल्के वाणिज्यिक वाहनों के लिए अच्छी वृद्घि की संभावना है। हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि प्रतिस्पर्धी तीव्रता यूटिलिटी वाहन बाजार में काफी ज्यादा है और इसलिए, इस सेगमेंट में बाजार भागीदारी में वृद्घि कंपनी के लिए एक चुनौतीपूर्ण कार्य हो सकता है। ट्रैक्टर उद्योग के लिए बिक्री में सुधार और यात्री वाहन खंड में सुधार को देखते हुए रिलायंस सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष मितुल शाह का मानना है कि एमऐंडएम द्वारा आय में तेजी दर्ज किए जाने की संभावना है।
ट्रैक्टरों की ऊंची भागीदारी का भी कंपनी के मुनाफे पर सकारात्मक असर दिखना चाहिए। इसके साथ साथ पूंजी आवंटन नीतियों (नुकसान में चल रहीं सहायक कंपनियों को लेकर सक्रियता) से शेयर में कुछ तेजी को बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह शेयर फिलहाल अपने पांच वर्षीय औसत मूल्यांकन के मुकाबले गिरावट पर कारोबार कर रहा है। बन्र्सटीन रिसर्च के विश्लेषकों ने शेयर का भाव हाल में 14 प्रतिशत तक बढ़ाकर 710 रुपये किया है। इस स्तर के आसपास कीमत लक्ष्य के साथ, इस शेयर में 12 प्रतिशत तेजी की संभावना है।