भारत में एसएमई भागीदारी बढ़ाएगी माइक्रोसॉफ्ट

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 1:21 AM IST

भारत में लघु और मझोले व्यवसाय (एसएमबी) के ज्यादा कारोबारियों तक पहुंचने के मकसद से माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन अपनी वितरण साझेदारी को देश के 16 शहरों से बढ़ाकर 40 शहरों तक करने जा रही है। कंपनी के लिए एसएमबी तेजी से बढ़ता हुआ क्षेत्र है। यह कंपनी के वैश्विक राजस्व में 40 फीसदी का योगदान करता है।
माइक्रोसॉफ्ट कॉरपोरेशन के मिडमार्केट बिजनेस के महा प्रबंधक (एसएमएस एंड पी) मार्क वोल्फ्राम कहते हैं, ‘हर कार्यालय की शुरुआत में तीन लोगों की जरूरत है और आवश्यकता के हिसाब से बाद में लोगों की संख्या बढ़ाई जाएगी। भारत दोहरे अंकों वाली विकास दर वाला देश है। ब्रिक देशों (ब्राजील, रूस, भारत और चीन) में भारत बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। हम इस बाजार के लिए जल्दबाजी में बिल्कुल नहीं हैं।’
पिछले साल कंपनी ने जयपुर, जमशेदपुर और लखनऊ में नए कार्यालयों की शुरुआत की थी। इससे कंपनी की मौजूदगी देश के 16 शहरों में हो गई थी। ये केंद्र वैसे हब के तौर पर काम कर रहे हैं जिसके सहारे कंपनी का मंसूबा 100 शहरों तक पहुंचने का है।
वोल्फ्राम ने बताया कि एसएमबी के पास मंदी में भी अवसर तलाशने की क्षमता और लचीलापन है। उन्होंने कहा कि वैसे इस क्षेत्र के सामने भी कम लागत के साथ उत्पादन और राजस्व वृद्धि की चुनौती बरकरार है। उन्होंने बताया कि कंपनी के द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण के मुताबिक 86 फीसदी लघु उद्यमी मंदी के बावजूद किसी दूसरे के लिए काम करने के बजाए अपने कारोबार को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट एसएमबी क्षेत्र के लिए प्रौद्योगिकी विकसित करने के मकसद से 6.5 अरब डॉलर शोध और विकास (आर एंड डी) पर खर्च कर रही है। कंपनी अपने अगले दौर के उत्पादों का निर्माण इस क्षेत्र को ध्यान में रखकर करने वाली है। इन उत्पादों में एक है यूनिफाइड कम्युनिकेशन। इससे परिवहन खर्चे में कमी आएगी और पूरी लागत में 20 फीसदी की कमी आएगी।
कंपनी एक एसएमबी पोर्टल भी चला रही है। इसके जरिए एसएमबी इकाइयां अपने उपयोग के उत्पादों को तलाश सकती हैं और इससे जुड़ी सलाह भी हासिल कर सकती हैं। इस पोर्टल पर असली सॉफ्टवेयर हासिल करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई है।
माइक्रोसॉफ्ट एसएमबी इकाइयों को ऑफिस लाइव वर्कस्पेस (ओएलडब्लयू) की सुविधा मुहैया करा रही है। यह 1,000 से ज्यादा माइक्रोसॉफ्ट डॉक्यूमेंट को ऑनलाइन सेव कर सकती है, जिस तक इंटरनेट के जरिए कहीं से कभी भी पहुंचा जा सकता है।  कंपनी महानगरों के बाहर विस्तार पर ध्यान दे रही है। कंपनी का लक्ष्य पर्सनल कंप्यूटर क्षेत्र में भी अपनी हिस्सेदारी को 90 फीसदी से बढ़ाकर 95 फीसदी करने का है।
कंपनी की आगामी योजनाओं के बारे में वोल्फ्राम कहते हैं, ‘हम हर छोटे शहर में अपनी मौजूदगी दर्ज करना चाहते हैं। ऐसा हम उत्पादन और विकास इकाईं स्थापित करके नहीं बल्कि एक बेहतर वितरण नेटवर्क के जरिए करना चाहते हैं।’

First Published : April 20, 2009 | 10:55 AM IST