बोट निर्माण कारोबार में उतरेगी महिंद्रा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:26 AM IST

भारत का प्रमुख औद्योगिक समूह महिंद्रा, जो वाहन निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है, अब बोट निर्माण क्षेत्र में भी प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है।
कंपनी ने उच्च क्षमता वाले फाइबर ग्लास पावर बोट निर्माण उद्योग में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए महिंद्रा समूह ने ओसियन ब्ल्यू कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम बनाया है।
नई कंपनी का नाम महिंद्रा ओसियन ब्ल्यू होगा, जिसमें महिंद्रा ऐंड महिंद्रा समूह के पास नियंत्रण योग्य हिस्सेदारी रहेगी। बोट निर्माण के लिए उपकरण और कल-पुर्जे कंपनी के संयंत्रों में बनाए जाएंगे, जबकि बोट का निर्माण गोवा में किया जा सकता है।
इस संयुक्त उद्यम में कितना निवेश किया जाएगा, इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया। उल्लेखनीय है कि महिंद्रा समूह लाइजर बोट उद्योग में उतरने वाला पहला औद्योगिक घराना होगा। अब तक इस क्षेत्र में छोटे कारोबारी और स्वतंत्र एजेंसियां थीं, जो जरूरत के मुताबिक, विदेशों से आयात करती थीं।
हालांकि नया उद्यम अभी भी बोट के इंजन को कनाडा से आयात करेगी। उल्लेखनीय है कि इंजन की लागत बोट की लागत का करीब 20 से 40 फीसदी आता है। 

महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के कार्यकारी उपाध्यक्ष झूबेन भिवंडीवाला ने कहा कि कंपनी का नया उत्पाद महिंद्रा ओडिसिया उच्च गुणवत्ता वाले फाइबर ग्लास से निर्मित बोट होंगे, जिसकी लंबाई 20 से 40 फीट के होगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी का लक्ष्य अगले तीन सालों में 300 से 400 बोट बेचने का है। अगले चरण में कंपनी केबिन क्रूज के निर्माण पर ध्यान देने की योजना बना रही है। उल्लेखनीय है कि महिंद्रा समूह वाहन निर्माण क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी है।
कंपनी के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आनंद महिंद्रा ने कहा कि हमे उम्मीद है कि भारत की उभरती सामुद्रिक क्षमता में महिंद्रा ओडिसिया अहम भूमिका अदा करेगी।
भारत की उभरती सामुद्रिक क्षमता में महिंद्रा ओडिसिया अहम भूमिका अदा करेगी।
आनंद महिंद्रा
एमडी, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा

First Published : February 17, 2009 | 11:53 PM IST