देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी, लार्सन ऐंड टुर्बो (एलऐंडटी) ने परमाणु रिएक्टर बनाने के लिए रूस की एटमस्ट्रॉयएक्सपोर्ट (एएसई) के साथ सहयोग का समझौता किया है।
कंपनी ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज को बुधवार को बताया कि इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां उपकरणों और दूसरी सेवाओं की जरूरतों को पूरा करेंगी।
यह समझौता पिछले साल दिसंबर में भारत और रूस के बीच तमिलनाडु के कुदनकुलम के केके3-6 में चार नए रिएक्टरों और भारत में अन्य जगहों पर स्थापित होने वाले रूसी रिएक्टरों को स्थापित करने के लिए हुए समझौते के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया है।
इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां कुदनकुलम में नए पावर यूनिटों का निर्माण साथ मिलकर करेंगी। साथ ही, देश में जहां भी रूसी डिजाइन वाले वीवीईआर रिएक्टरों को लगाया जाएगा, वहां भी दोनों कंपनियां साथ में काम करेंगी। इसके अलावा, दोनों कंपनियां विदेशों में भी मिलकर काम करेंगी।