प्रतीकात्मक फोटो
L&T Share: देश की दिग्गज इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी लार्सन ऐंड टुब्रो को बड़ा ऑर्डर मिला है। बाजार बंद होने के बाद L&T ने एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि ने पश्चिम एशिया में 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यू का ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी को गैस कंप्रेशन प्रोजेक्ट का काम मिला है। मेगा ऑर्डर के चलते 25 अगस्त को बाजार खुलते ही शेयर फोकस में रहेगा, जो सोमवार को मामूली गिरावट के साथ 4085.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
एक्सचेंज फाइलिंग में L&T ने बताया कि 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा वैल्यू वाले कॉन्ट्रैक्ट्स ‘अल्ट्रा-मेगा’ कैटेगरी में आते हैं। हालांकि, कंपनी ने कॉन्ट्रैक्ट की सटीक रकम और ग्राहक के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। कंपनी को इस प्रोजेक्ट के लिए स्वीकृति पत्र वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मिला था, जिसके बाद अब औपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
L&T एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर इस प्रोजेक्ट की इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन यानी EPC का काम पूरा करेगी। इसके तहत गैस इनलेट फैसिलिटी, गैस कंप्रेशन सिस्टम, कंडेनसेट और प्रोड्युस्ड वाटर को संभालने की व्यवस्था और प्रोपेन रेफ्रिजरेशन सिस्टम तैयार किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रोजेक्ट से जुड़ी दूसरी जरूरी फैसिलिटी का भी डेवलपमेंट किया जाएगा। इन प्लांट्स को जमीन पर नई जगहों पर बनाया जाएगा, जहां ‘सॉर गैस’ को कस्टमर के मानकों और प्रोजेक्ट की जरूरतों के मुताबिक प्रोसेस किया जाएगा। बता दें कि सॉर गैस में हाइड्रोजन सल्फाइड जैसे तत्व मौजूद होते हैं।
गैस कंप्रेशन प्लांट्स की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए L&T का पावर ट्रांसमिशन ऐंड डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस दो एक्सट्रा हाई वोल्टेज वाले सबस्टेशन बनाएगा। इन दोनों सबस्टेशन की कैपासिटी 230 किलोवोल्ट होगी।
L&T एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर के सीनियर VP और हेड ई एस सत्यनारायणन ने कहा कि यह कॉन्ट्रैक्ट रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने इंजीनियरिंग अनुभव और प्रोजेक्ट्स को पूरा करने की क्षमता के दम पर इसे सुरक्षित और समय पर पूरा करने पर ध्यान देगी।
15 हजार करोड़ रुपये इस अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट से ग्लोबल हाइड्रोकार्बन मार्केट में खासकर पश्चिम एशिया में L&T की मौजूदगी और मजबूत होने की उम्मीद है। कंपनी की हाइड्रोकार्बन यूनिट घरेलू और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए ऑयल एंड गैस सेक्टर की प्रोजेक्ट्स पर काम करती है।