एलएसई ने ट्राईकोना पर कसा शिकंजा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 9:45 PM IST

रियल एस्टेट का बाजार लुढ़कता देख लंदन स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध ट्राइकोना कैपिटल के निवेशकों ने फंड मैनेजरों से निवेश की हुई सभी संपत्तियों का क्रमिक निपटारा करने की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक, हेज फंड सहित उसके लिमिटेड सहयोगियों में से कुछ ने संस्था में किया गया अपना पूरा निवेश तुरंत वापस लेने की बात कही है। यह पहली बार है जब विदेशी हेज फंड निवेशकों ने देश के रियल एस्टेट सेक्टर से अपना निवेश निकालने की बात कही है।
दो महीने पहले केएसके नामक ऊर्जा फंड के निवेशकों ने संस्था से अपना निवेश निकाल लिया था। बुनियादी ढांचा और रियल एस्टेट क्षेत्र के संस्थागत निवेशकों की संपत्ति का प्रबंधन करने वाली ट्राइकोना ट्रिनिटी कैपिटल देश की प्रमुख एसेट मैनेजमेंट फर्म है।
इसकी मातृ संस्था ट्राइकोना कैपिटल 25 करोड़ पौंड की कंपनी है। मंगलवार को हुई कंपनी की असाधारण बैठक में कंपनी ने एक प्रस्ताव पारित किया। इसके जरिये बोर्ड को अधिकृत किया गया है कि वह बायबैक या ठेके के जरिए कंपनी के 70 फीसदी शेयर खरीद ले। 

First Published : March 26, 2009 | 11:06 PM IST