देवनाथन के जिम्मे दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया में ग्राहकों की संख्या बढ़ाना, कंपनियों में ओपनएआई की सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ाना और दूसरी कंपनियों के साथ साझेदारी करना होगा
मेटा की भारत प्रमुख संध्या देवनाथन करीब 10 साल बाद कंपनी छोड़ने जा रही हैं। वह अब ओपनएआई से जुड़ेंगी। यहां उन्हें दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया की उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इस नई भूमिका में वह सिंगापुर में रहेंगी और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रबंध निदेशक किरण मणीi को रिपोर्ट करेंगी।
यह ओपनएआई में बनाई गई नई भूमिका है। देवनाथन के जिम्मे दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया में ग्राहकों की संख्या बढ़ाना, कंपनियों में ओपनएआई की सेवाओं का इस्तेमाल बढ़ाना और दूसरी कंपनियों के साथ साझेदारी करना होगा। इसके अलावा सरकारी नियमों से जुड़े मामलों और इन दोनों क्षेत्रों में कंपनी के कामकाज की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी।
Also Read: 1991 में विदेशी मुद्रा के लिए तरसता भारत आज 729 अरब डॉलर के रिकॉर्ड भंडार तक कैसे पहुंचा
संध्या देवनाथन ने 2016 में मेटा जॉइन की थी। उस समय सिंगापुर में कंपनी के करीब 300 कर्मचारी थे। मेटा में काम के दौरान उन्होंने सिंगापुर और वियतनाम में कंपनी के कारोबार और टीमों को खड़ा करने में मदद की। दक्षिण-पूर्व एशिया में ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े काम को आगे बढ़ाने में भी उन्होंने भूमिका निभाई।
2020 में उन्हें एशिया-प्रशांत क्षेत्र में गेमिंग कारोबार की जिम्मेदारी दी गई। यह मेटा के दुनिया भर के बड़े कारोबारों में से एक था। इसके बाद 2023 में उन्हें भारत में मेटा की प्रमुख बनाया गया।
कंपनी छोड़ने की जानकारी संध्या देवनाथन ने शुक्रवार को लिक्डिंन पर दी। उन्होंने अपने करीब 10 साल के सफर को याद करते हुए कहा कि जब वह 2016 में मेटा से जुड़ी थीं, तब हर तरफ डिजिटल बदलाव की बात हो रही थी। उस समय कंपनी स्टार्टअप, कारोबारियों और रचनाकारों के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र में डिजिटल दुनिया को आगे बढ़ाने पर काम कर रही थी।
मेटा के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के उपाध्यक्ष बेंजामिन जो ने देवनाथन की मेहनत, लगन और काम के प्रति उनके जुनून की तारीफ की। उनके जाने के बाद मेटा के प्रबंध निदेशक और भारत प्रमुख अरुण श्रीनिवास सीधे जो को रिपोर्ट करेंगे।