उद्योग जगत ने स्वास्थ्य सेवा के लिए बढ़ाए कदम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:17 AM IST

देश में कोविड-19 से संक्रमित रोगियों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि को देखते हुए भारतीय उद्योग जगत ने मदद के लिए बढ़चढ़ कर कदम आगे बढ़ाए हैं। भारतीय कंपनियां उन रोगियों की मदद के लिए कई अभनव पहल कर रही हैं जिन्हें अस्पतालों में बिस्तर, ऑक्सीजन, वेंटीलेटर अथवा टीका नहीं मिल पा रहा है।
अदाणी फाउंडेशन ने आज घोषणा की कि अहमदाबाद में उसके अदाणी विद्या मंदिर स्कूल परिसर को कोविड संक्रमित मरीजों की देखभाल के लिए एक स्वास्थ्य सेवा केंद्र में तब्दील किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर में सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे पर बढ़ रहे दबाव को हल्का करना और उन लोगों की देखभाल करना है जो अपने परिवारों से अलग हैं। इस आइसोलेशन सुविधा से रोगियों के परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और कोविड-19 के प्रसार की रफ्तार को कम करने में मदद मिलेगी।
अदाणी फाउंडेशन ने कहा, ‘तेजी से फैल रही इस वैश्विक महामारी की रोकथाम के लिए सरकार और स्वास्थ्य सेवा संस्थान अपने संसाधन जुटा रहे हैं। हमें उन्हें हर संभव तरीके से मदद अवश्य करनी चाहिए।’ फाउंडेशन ने कहा, ‘हम अदाणी विद्या मंदिर में तेजी से स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा स्थापित करने में अपने समूह के निष्पादन अनुभव का लाभ उठाने की उम्मीद करते हैं। हम अपने स्कूल की कक्षाओं को जीवन की कक्षाओं- विद्या दान से जीवन दान- में बदलेंगे।’
आईटीसी ने घोषणा की है कि वह कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कोलकाता में 200 बिस्तरों वाला एक कोविड केयर केंद्र स्थापित करने के लिए वित्तीय मदद कर रही है। इस अस्पताल की स्थापना और प्रबंधन की जिम्मेदारी मेडिका सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल्स की होगी। यह कोविड-19 से संक्रमित रोगियों के उपचार के लिए एक अस्थायी अस्पताल होगा। पश्चिम बंगाल सरकार ने इसके लिए किशोर भारती स्टेडियम के इस्तेमाल की अनुमति दी है।
श्रीराम हाउसिंग फाइनैंस ने एक अनूठी पहल करते हुए अपने सभी ग्राहकों को मुफ्त टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
श्रीराम हाउसिंग फाइनैंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी रवि सुब्रमण्यन ने कहा, ‘हालांकि हमने शुरू में अपने सभी कर्मचारियों के टीकाकरण की लागत की प्रतिपूर्ति करने की घोषणा की थी लेकिन अब हमने अपने सभी ग्राहकों तक इसका विस्तार करने का निर्णय लिया है। सस्ते आवास श्रेणी के ग्राहकों की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं होती है और निजी कंपनियों द्वारा टीकाकरण के लिए ली जाने वाली मामूली रकम भी उनके लिए एक बड़ी बाधा बन सकती है। इससे टीकाकरण अभियान पटरी से उतर सकता है। इसलिए हमारा मानना है कि यह पहल टीकाकरण की राह की बाधाओं को दूर करते हुए ग्राहकों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेगी।’
हिताची एबीबी पावर ग्रिड ने कहा है कि वह रोगियों को बिस्तरों और ऑक्सीजन की जरूरतों को पूरा करने में मदद करने के लिए देश भर में अपने संसाधनों को लगा रही है।
भारत में हिताची एबीबी पावर ग्रिड के मुख्य कार्याधिकारी एवं प्रबंध निदेशक एन वेणु ने कहा, ‘हम डॉक्टरों और पैरामेडिक्स की टीम बना रहे हैं, फ्रंडलाइन वर्कर के लिए पीपीई किट की व्यवस्था कर रहे हैं, बड़े पैमाने पर जांच और कर्मचारियों के टीकाकरण की सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा कोविड-19 वायरस के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं। हमारा उद्देश्य हमेशा वहां मौजूद होना है जहां हमारे लोगों को हमारी जरूरत होगी।’
राइड-हेलिंग फर्म उबर ने अपने छह महीनों के दौरान अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद 1,50,000 ड्राइवरों के टीकाकरण के लिए 18.5 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की है।
रिलायंस फाउंडेशन ने कोविड मरीजों के मुफ्त इलाज के लिए बुधवार को जामनगर में ऑक्सीजन आपूर्ति के साथ 1,000 बिस्तरों वाला कोविड केयर अस्पताल के स्थापित होने की घोषणा की। फाउंडेशन ने यह भी घोषणा की कि अगले एक सप्ताह के भीतर जामनगर में सरकारी दंत चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल में 400 बिस्तरों वाला एक कोविड केयर केंद्र की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा अगले दो सप्ताह के दौरान जामनगर में दूसरी जगह पर 600 बिस्तरों वाला कोविड केयर अस्पताल का परिचालन शुरू किया जाएगा। जामनगर में इसी तरह की पहल एस्सार फाउंडेशन भी शनिवार को कर सकती है।
(साथ में ईशिता आयान दत्त और पीरजादा अबरार)

First Published : April 30, 2021 | 11:51 PM IST