टेक महिंद्रा का वरिष्ठ प्रबंधन सरकार की ओर से नियुक्त सत्यम के निदेशक मंडल से 20 अप्रैल को मिलेगा। इसके साथ ही प्रबंधन सत्यम के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेगा।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान कंपनी के मौजूदा हालात और उसके भविष्य पर चर्चा की जाएगी। सत्यम के प्रवक्ता ने बताया कि इसी बैठक में टेक महिंद्रा को कंपनी के शेयरों के आवंटन से संबंधित जरूरी कागजात भी सौंप दिए जाएंगे।
इस बैठक में टेक महिंद्रा के उपाध्यक्ष, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी विनीत नैयर, अध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय परिचालन) सी पी गुरनानी और अध्यक्ष (रणनीतिक पहल)संजय कालरा भी शामिल होंगे। इसके लिए नैयर और गुरनानी पहले ही हैदराबाद पहुंच चुके हैं।
माना जा रहा है कि टेक महिंद्रा सत्यम के लिए 100 दिन की योजना बनाकर चल रही है। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ‘जब तक नए प्रबंधन की घोषणा नहीं होती है, तब तक ए एस मूर्ति पहले की ही तरह कंपनी का प्रबंधन देखते रहेंगे।’