जीएसएम की होली फीकी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 7:33 PM IST

जीएसएम मोबाइल कंपनियों ने फरवरी महीने में 92 लाख नए ग्राहक जोड़े।
लेकिन जनवरी के मुकाबले तुलना करने पर जीएसएम में ठहराव नजर आ रहा है क्योंकि पिछले महीने भी तकरीबन इतनी तादाद में ही नए ग्राहक जुड़े थे।
सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) के मुताबिक देशभर में जीएसएम उपभोक्ताओं की संख्या जनवरी माह में जहां 26.75 करोड़ थी, वहीं फरवरी माह में यह बढ़कर 27.71 करोड़ हो गई।
उपभोक्ताओं के लिहाज से इस बार भी दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारती एयरटेल ने बाजी मारी। फरवरी माह में कंपनी ने करीब 27 लाख नए जीएसएम उपभोक्ताओं को अपने साथ जोड़ा। इससे कंपनी के कुल जीएसएम उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 9.11 करोड़ पहुंच गई। बाजार हिस्सेदारी के लिहाज से भारती एयरटेल की हिस्सेदारी घटकर 32.88 फीसदी हो गई।
वोडाफोन-एस्सार ने इस दौरान करीब 26 लाख ग्राहकों को अपने साथ जोड़ा और इसकी विकास दर करीब 4.9 फीसदी रही। कंपनी के कुल उपभोक्ताओं की संख्या करीब 6.6 करोड़ है। सरकारी दूरसंचार कंपनियों को इस माह भी नुकसान में रहना पड़ा।
बीएसएनएल की बाजार हिस्सेदारी फरवरी में घटकर 15.94 रह गई, जबकि जनवरी माह में इसकी हिस्सेदारी करीब 15.95 फीसदी थी। एमटीएनएल के ग्राहकों की संख्या में इस दौरान केवल 80,000 का इजाफा हुआ।
जीएसएम ग्राहकों की विकास दर में नहीं हुआ इजाफा
फरवरी माह में बढ़े कुल 92 लाख नए ग्राहक
जनवरी के महीने में भी ग्राहकों का आंकड़ा इतना ही बढ़ा
एयरटेल की बाजार हिस्सेदारी में आ गई गिरावट

First Published : March 12, 2009 | 11:11 AM IST