कमोडिटी

Gold Outlook: सोने का भाव बढ़ेगा या घटेगा? अगले सप्ताह इन फैक्टर्स पर रहेगी निवेशकों की नजर

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अगस्त डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव में लगातार चार सप्ताह की गिरावट के बाद तेजी आई

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 05, 2026 | 8:00 PM IST

Gold Outlook: सोने की कीमत अगले सप्ताह मजबूत बने रहने की संभावना है। निवेशक अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में वृद्धि के बारे में और संकेत पाने के लिए अमेरिका और अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के महत्वूपर्ण आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे।

ग्लोबल संकेतों से बढ़ेगी सोने में हलचल

कारोबारी अमेरिकी सेवा पीएमआई, व्यापार आंकड़े और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के साथ-साथ यूरो क्षेत्र, चीन, जापान और जर्मनी के महंगाई के आंकड़ों पर भी नजर रखेंगे। वैश्विक घटनाक्रम या कच्चे तेल की कीमतों में किसी भी बदलाव से कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटीज और करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा, ”घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने की कीमतों को समर्थन मिलने की संभावना है।”

Also Read: Upcoming IPOs This Week: इस हफ्ते 4 नए IPO खुलेंगे, 9 कंपनियों की होगी बंपर लिस्टिंग

MCX पर सोना-चांदी में तेजी

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में अगस्त डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव में लगातार चार सप्ताह की गिरावट के बाद तेजी आई। सप्ताह के दौरान यह 3,216 रुपये यानी 2.2 फीसदी बढ़कर लगभग 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। MCX में सितंबर अनुबंध लिए चांदी का वायदा मूल्य 13,938 रुपये यानी 6.2 फीसदी बढ़कर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट- कमोडिटीज और करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ”कमजोर अमेरिकी डॉलर और ज्यादा बिकवाली स्तरों के बाद लिवाली के कारण इस सप्ताह सोने में सुधार आया। इससे लगभग एक महीने के लगातार कमजोर रुख के बाद सर्राफा की कीमतों को उबरने में मदद मिली।”

उन्होंने कहा कि महंगाई के दबाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और फेडरल रिजर्व के प्रमुख केविन वॉर्श की टिप्पणियों ने बाजारों को अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर फिर से आकलन करने के लिए प्रेरित किया है।

Also Read: Market Outlook: इस हफ्ते शेयर बाजार में क्या रहेगा ट्रिगर? TCS रिजल्ट, क्रूड ऑयल और ग्लोबल संकेत अहम

ग्लोबल बाजार में लौटी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, पिछले सप्ताह कॉमेक्स गोल्ड वायदा 91 डॉलर यानी 2.2 फीसदी बढ़कर 4,187.30 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी 3.14 डॉलर यानी 5.3 फीसदी बढ़कर 62.81 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मेर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे बने रहने की कई नाकाम कोशिशों के बाद सोना शुरुआती गिरावट से उबर गया। सप्ताह के अंत में पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुआ। रूस और यूक्रेन के बीच नए तनाव ने भी सर्राफा की मांग को समर्थन दिया।

केंद्रीय बैंकों ने रिजर्व में 41 टन सोना जोड़ा

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के अनुसार, केंद्रीय बैंकों ने मई में अपने रिजर्व में कुल 41 टन सोना जोड़ा। त्रिवेदी ने कहा कि हाल के निचले स्तरों के पास समर्थन मिलने के बाद सोने की कीमत स्थिर हो गई है। हालांकि यह अमेरिकी डॉलर, ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड और आने वाले वृहद आर्थिक आंकड़ों में होने वाले बदलावों के प्रति बहुत संवेदनशील बनी रहेगी।

First Published : July 5, 2026 | 7:51 PM IST