लंबे समय के लिए बिजली की कटौती का रोना और पुराना चार्जर खराब होने पर नया मोबाइल चार्जर खरीदने जैसी बातें अब जल्द ही गए-गुजरे जमाने की बातें हो जाएंगी।
इसके लिए हाइब्रिड बैटरी बनाने वाली इजरायली कंपनी टेक्टियम एक ऐसा मोबाइल फोन बना रही है जिसे आम पेंसिल सेल से भी चार्ज किया जा सकता है।
कंपनी के निदेशक (टेक्निकल मार्केटिंग) डेनियल ब्रिटिंग ने बताया, ‘यह तकनीक भारत जैसे विकासशील देशों के ग्रामीण इलाकों के लिए ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीका के उन इलाकों के लिए भी फायदेमंद होगी, जहां बिजली की समस्या काफी अधिक है।’
कंपनी इन कम कीमत वाले मोबाइल फोन को बेचने के लिए कई बड़ी मोबाइल कंपनियों से बातचीत भी शुरू कर दी है। ब्रिटिंग ने बताया, ‘यह फोन उन बाजारों के लिए है जहां फोन खरीदने की पहला पैमाना उसकी कीमत होती है।
टेक्टियम टीईसी 110 एचआईसी में महंगी लीथियम आयन बैटरियों के बजाय इस्तेमाल के बाद आसानी से समाप्त हो जाने वाली बैटरियां होंगी। बिजली की समस्या झेल रहे भारत जैसे देशों के लिए यह फोन बिल्कुल उपयुक्त रहेगा क्योंकि इसे रिचार्ज करना काफी आसान है।’
इन फोन में लीथियम आयन बैटरियों का इस्तेमाल नहीं होगा, तो उन बैटरियों को सहायता देने वाले उपकरणों का भी इस्तेमाल नहीं होगा। जिससे इस फोन की कीमत और भी कम होने की संभावना है।
कंपनी फिलिप्स के साथ मिलकर एक फोन लॉन्च कर चुकी है। इस फोन में लीथियम बैटरी के साथ ही बैक अप के लिए एक एएए बैटरी भी होती है। यानी जब लीथियम बैटरी को रिचार्ज किया जाता है, तो एएए बैटरी भी रिचार्ज हो जाती है (अगर रिचार्जेबल है तो।) यह बैकअप बैटरी लगभग 2.5 घंटे का टॉकटाइम देती है।
ब्रिटिंग ने बताया, ‘हम मोबाइल बनाने वाली कई कंपनियों के साथ इस बारे में बात कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले साल तक यह फोन बाजार में आ जाएगा।’
आम पेंसिल सेल करेगा सेल फोन में बैटरी का काम
इजरायली बैटरी कंपनी ने शुरू की कवायद
कई नामी सेल फोन कंपनियों से चल रही है बात
अगले साल बाजार में हो सकता है आगाज