…मगर एयर इंडिया फैलाएगी पर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:36 AM IST

ऐसे समय जब देश की तमाम विमान कंपनियां अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती कर रही हों।
विस्तार की सारी योजनाएं ठप पड़ चुकी हों, तब एयर इंडिया घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिचालनों का विस्तार करने जा रही है। कंपनी इसके लिए कई नए रास्तों पर उड़ान शुरू करने और बेड़े का विस्तार करने जा रही है।
सरकार नियंत्रित यह विमान कंपनी अपने बेड़े में 30 नए विमान शामिल करेगी। इनमें से आधे विमान पुराने हो चुके विमानों की जगह शामिल होंगे तो 15 अन्य विमान एयर इंडिया के बेड़े का विस्तार करेंगे। नए विमानों में 3 बोइंग 777 (बड़ी श्रेणी), 4 बोइंग 777-300 ईआर, 4 बोइंग 737-800, 8 ए-319, 7 ए-321 और 4 ए-320 बेड़े में शामिल होंगे।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया, ”नए विमान आने से कई नए रास्तों पर सेवाएं शुरू की जा सकेंगी। पहले से जिन रास्तों पर उड़ानें आ-जा रही थीं, उनकी फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जाएगी। कनाडा और अमेरिका को भी फ्लाइटों का आवागमन बढ़ाया जाएगा।”
एयर इंडिया अगस्त से दिल्ली-सैनफ्रांसिस्को के बीच सीधी उड़ान शुरू करेगी। इसके साथ ही अमृतसर और टोरंटो के बीच फ्लाइटों की संख्या दोगुनी की जाएगी। सस्ती सेवा देने वाली इसकी सब्सिडयरी एयर इंडिया एक्सप्रेस की भी योजना साप्ताहिक फ्लाइटों की संख्या में वृद्धि करने का है।
अब यह 175 से बढ़ाकर 220 कर दिया जाएगा। इसके लिए 4 नए विमानों को शामिल किया जाना है।

First Published : February 18, 2009 | 11:30 PM IST