ब्रुकफील्ड इनविट का नाम बदलेगा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:12 AM IST

कनाडा की वित्तीय पावरहाउस ब्रुकफील्ड के स्वामित्व वाला इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश ट्रस्ट (इनविट) ‘टावर इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट’ अपना नाम बदलकर डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट करने की योजना बना रहा है जिससे कि ट्रस्ट की आगामी व्यावसायिक संभावनाओं को मजबूत बनाया जा सके।
इनविट ने कहा है कि ट्रस्ट को ‘डेटा’ नाम जोडऩे से अपना दायरा व्यापक बनाने में मदद मिलेगी। ट्रस्ट  ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी जानकारी में कहा है कि इससे भविष्य में ट्रस्ट की परिसंपत्तियों के संपूर्ण व्यावसायिक प्रोफाइल को ज्यादा मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
इनविट की समिट डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (एसडीआईपीएल) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसे पूर्व में रिलायंस जियो इन्फ्राटेल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। साथ ही यह प्राइवेट कंपनी से एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी में भी तब्दील होगा।
दिसंबर 2019 में, अपने बहीखाते पर कर्ज घटाने के प्रयास में, आरआईएल की सहायक इकाई रिलायंस इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट्स ऐंड होल्डिंग्स लिमिटेड (आरआईआईएचएल) ने अपनी दूरसंचार टावर इकाई में 100 प्रतिशत हिस्सा 25,215 करोड़ रुपये में बेचने के लिए बु्रकफील्ड के साथ समझौते किए थे। उस सौदे के तहत, आरआईआईएचएल (टावर इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट की प्रायोजक) ने ट्रस्ट की यूनिट बु्रकफील्ड से जुड़ी बीआईएफ आईवी जार्विस इंडिया और कुछ अन्य निवेशकों को जारी की थीं।
सौदा पूरा होने के बाद, बु्रकफील्ड इस ट्रस्ट की प्रायोजक बन गई और उसके बदले में दूरसंचार कंपनी में पूरे भारत में 1,30,000 टावरों के साथ उसकी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हो गई। आरआईआईएचएल सह-प्रायोजक बन गई, लेकिन उसके पास यूनिट नहीं थीं। भारत में कोरोना महामारी से ठीक पहले किसी भारतीय इन्फ्रास्ट्रक्चर इकाई में यह एकमात्र सबसे बड़ा विदेशी निवेश था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की सहायक इकाई आरजेआईएल भी एसडीआईपीएल के स्वामित्व वाले सभी टावरों की प्रमुख पट्टेदार है। एसडीआईपीएल की 22 दूरसंचार सर्किलों में उपस्थिति है।

First Published : May 3, 2021 | 11:50 PM IST