बिग टीवी बन गया सोनी के गले की फांस

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:45 AM IST

सोनी एंटरटेनमेंट (अब मल्टी स्क्रीन मीडिया) ने रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप की कंपनी बिग टीवी के लिए संशोधित ऑफर पेश किया है।
यह ऑफर तब पेश किया गया है, जब एयरटेल डीटीएच ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का ऑन ग्राउंड अधिकार लेने से मना कर दिया। मालूम हो कि बिग टीवी ने सोनी पर यह आरोप लगाया था कि उससे ली जाने वाली ऑफर रकम की एक चौथाई रकम पर ऑन ग्राउंड अधिकार एयरटेल डीटीएच को देने की बात चल रही है।
इसके बाद बिग टीवी ने सोनी से नाता तोड़ लिया था। बात इतनी बढ़ने लगी कि आईपीएल के प्रसारण का अधिकार सोनी से छिनकर ईएसपीएन की झोली में चले जाने की बात होने लगी। इसी डर से सोनी ने बिग टीवी के लिए संशोधित ऑफर की पेशकश की है।
बिग टीवी के बाहर हो जाने के बाद सोनी के लिए ऑन ग्राउंड अधिकार मोटा पैसा देकर खरीदने वाला सहयोगी ढूंढ़ना एक टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए बिग टीवी के  अधिकारियों ने कहा है कि वे इस करार को फिर से तब ही मानेंगे, जब आरंभिक नियम और शर्तों का पालन किया जाएगा।
रिलायंस कम्युनिकेशन के ब्रांड और मार्केटिंग प्रमुख संजय बहल ने यह कहा है कि सोनी बिग टीवी के पास प्रसारण ऑफर लेकर आई थी, लेकिन जब तक बिग टीवी इस पर कोई प्रतिक्रिया देती, उससे पहले यह दूसरी कंपनी को दे दी गई।
बीसीसीआई ने कहा कि सोनी एयरटेल को दी गई प्रस्तुतीकरण प्रायोजक के एक्सक्लूसिव अधिकार को बदल दे। अब सोनी पसोपेश में हैं कि वह एयरटेल को प्रायोजक बोर्ड में शामिल करे या आईपीएल को होने वाले 137 करोड़ रुपये घाटे को भरे।
पिछले सप्ताह आईपीएल से हुए 137 करोड़ रुपये के चार साल के करार से पीछे हट गई थी। कंपनी ने सोनी पर मूल्य निर्धारण को लेकर भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया था। इस बाबत बिग टीवी ने आईपीएल के सीईओ सुंदर रमन को अपना फैसला सुना दिया है।
रमन ने इस संबंध में सोनी से स्पष्टीकरण मांगा है। इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र  ने बताया कि सोनी ने एयरटेल डीटीएच को प्रसारण प्रायोजन के लिए बिग टीवी से एक चौथाई रकम की पेशकश की थी।

First Published : February 19, 2009 | 11:47 PM IST