अदाणी एंटरप्राइजेज ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसकी सहायक इकाई अदाणी लैंड डिफेंस सिस्टम्स ऐंड टेक्नोलॉजीज ने रक्षा उपकरण निर्माता पीएलआर सिस्टम्स में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। बीएसई को भेजे एक बयान में कंपनी ने कहा है कि उसकी सहायक इकाई ने पीएलआर सिस्टम्स में फोरएसेज सिस्टम्स से 51 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की है। कंपनी ने कहा है कि यह सौदा पीएलआर सिस्टम्स के एक मौजूदा शेयरधारक के साथ नकदी लेनदेन के माध्यम से किया गया है।
बयान में कहा गया है, ‘पीएलआर में बड़ी हिस्सेदारी के अधिग्रहण से अदाणी और आईडब्ल्यूआई (पीएलआर में मौजूदा शेयरधारक) स्वेदश निर्मित रक्षा उपकरण 12 लाख सैन्य कर्मियों और समान संख्या में अद्र्घसैन्य बलों और राज्य पुलिस बलों को मुहैया कराने में सक्षम होगी। इससे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल की दिशा में भी मदद मिलेगी।’
वर्ष 2013 में स्थापित पीएलआर सिस्टम्स भारत और अन्य देशों में सशस्त्र बलों को स्वेदश निर्मित रक्षा उपकरणों की आपूर्ति एवं निर्माण में लगी हुई है। कंपनी के आकार के बारे में बयान में कहा गया है कि पीएलआर सिस्टम्स के पास 13 करोड़ रुपये की अधिकृत शेयर पूंजी और 12.04 करोड़ रुपये की चुकता शेयर पूंजी है।
वित्त वर्ष 2020 के लिए अपनी सालाना रिपोर्ट में अदाणी एंटरप्राइजेज ने कहा, ‘हम रक्षा एवं एरोस्पेस क्षेत्र को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक प्रमुख क्षेत्र के तौर पर देखते हैं और हमने भारत को विश्वस्तरीय रक्षा एवं एरोस्पेस निर्माण के लिए एक प्रमुख केंद्र में तब्दील करने की योजना बनाई है।’