कमोडिटी

सरकार ने बताया, करीब 1600 रिटेल बिक्री केंद्रों में हो रही e20 petrol की बिक्री

महाराष्ट्र में ऐसे केंद्रों की संख्या 218 है जबकि पंजाब में 166; तमिलनाडु में 154; उत्तर प्रदेश में 180 और हरियाणा में 129 है।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 31, 2023 | 8:06 PM IST

सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि तेल विपणन कंपनियां देश भर में 1611 खुदरा बिक्री केंद्रों में ई20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल की बिक्री कर रही हैं।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के तहत, सभी राज्यों में एथेनॉल की उपलब्धता के अनुसार एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की बिक्री की जा रही है।

महाराष्ट्र में ऐसे केंद्रों की संख्या 218 है जबकि पंजाब में 166; तमिलनाडु में 154; उत्तर प्रदेश में 180 और हरियाणा में 129 है। मंत्री ने कहा कि ‘भारत में एथेनॉल मिश्रण की कार्य योजना 2020-25’ में निर्धारित 10 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य पहले ही हासिल कर लिया गया है और 23 जुलाई 2023 की स्थिति के अनुसार समग्र मिश्रण प्रतिशत 11.77 प्रतिशत है।

First Published : July 31, 2023 | 8:06 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)