ऑटोमोबाइल

स्कोडा का तीसरा बड़ा बाजार बना भारत

वर्ष 2022 भारत में स्कोडा इंडिया के लिए सबसे बड़ा साल था। इस दौरान कंपनी ने 53,721 वाहनों की बिक्री का आंकड़ा हासिल किया।

Published by
दीपक पटेल
Last Updated- January 06, 2023 | 9:59 PM IST

देश में स्कोडा ऑटो की वाहन बिक्री वर्ष 2022 में 125 प्रतिशत तक बढ़कर 53,721 होने की वजह से इस चेक वाहन कंपनी के लिए भारत तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। इसके ब्रांड निदेशक पेट्र सॉल्क ने आज यह जानकारी दी।

वर्ष 2021 में भारत स्कोडा ऑटो के 10 प्रमुख बाजारों में भी शामिल नहीं था। सॉल्क ने एक आभासी संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा ‘वर्ष 2022 भारत में स्कोडा इंडिया के लिए सबसे बड़ा साल था। हमने वर्ष 2022 में 53,721 वाहन बिक्री का लक्ष्य प्राप्त कर लिया, जो पिछले साल की वाहन बिक्री के मुकाबले दो गुनी से भी ज्यादा की बिक्री रही।’

उन्होंने कहा ‘हम (भारत में) वैश्विक स्तर पर स्कोडा ऑटो के लिए शीर्ष तीन बाजारों में शामिल होने में कामयाब रहे हैं। यूरोप के बाहर भारत स्कोडा ऑटो के लिए सबसे बड़ा बाजार है।’ वर्ष 2022 में स्कोडा ऑटो के लिए जर्मनी और चेक गणराज्य पहले और दूसरे स्थान वाले बाजार थे।

उन्होंने कहा कि वाहन बिक्री के मामले में भारत वर्ष 2022 में चेक गणराज्य से ज्यादा दूर नहीं था। वर्ष 2021 में स्कोडा ऑटो के लिए शीर्ष 10 बाजार थे – जर्मनी, रूस, चेक गणराज्य, चीन, ब्रिटेन, पोलैंड, फ्रांस, इटली, तुर्की और स्पेन। सॉल्क ने कहा कि यूरोप के सभी बाजारों में 2022 के दौरान गिरावट थी। ऐसे बहुत कम बाजार हैं, जहां स्कोडा ऑटो सेमीकंडक्टर चिप की आपूर्ति में परेशानी के कारण शीर्ष स्तर पर पहुंच गई हो।

सॉल्क ने कहा कि वर्ष 2023 में कंपनी अधिक उत्पादों के साथ तेज वृद्धि की दिशा में बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्कोडा ऑटो के पास कभी भी इतनी विस्तृत उत्पाद श्रृंखला नहीं रही, जितनी अभी भारत में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में कुशक के सफल पेशकश के बाद हमने वर्ष 2022 की पहली तिमाही में स्लाविया की शुरुआत की।

First Published : January 6, 2023 | 9:59 PM IST