आज का अखबार

मेट्रो नहीं, टियर-2 और टियर-3 शहर बना रहे Amazon Prime का नया रिकॉर्ड

Amazon Prime के 70% नए सदस्य अब छोटे और मझोले शहरों से आ रहे हैं, जिससे कंपनी का सदस्य आधार तेजी से बढ़ रहा है।

Published by
पीरज़ादा अबरार   
Last Updated- June 19, 2026 | 8:13 AM IST

देश में एमेजॉन प्राइम की वृद्धि का अगला दौर छोटे शहरों से आ रहा है। अब लगभग 70 प्रतिशत नए सदस्य मझोले और छोटे बाजारों से जुड़ रहे हैं। ई-कॉमर्स क्षेत्र की यह दिग्गज कंपनी तीन साल पहले की तुलना में अपने प्राइम सदस्यों का आधार दोगुना करने की राह पर है। एमेजॉन प्राइम इंडिया के निदेशक और प्रमुख अभिनव अग्रवाल ने वीडियो बातचीत में यह जानकारी दी।

एमेजॉन भारत में 4 जुलाई से 6 जुलाई तक अपनी 10वीं प्राइम डे सेल आयोजित कर रही है। यह दूसरी बार है जब खरीद का यह सालाना कार्यक्रम 72 घंटे तक चलेगा। अग्रवाल ने कहा कि छोटे शहरों के ग्राहक उसकी तेज डिलिवरी और स्थानीय भाषाओं में मनोरंजन की बढ़ती लाइब्रेरी जैसे फायदों के कारण प्राइम अपना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एमेजॉन अपनी क्विक-कॉमर्स सेवा एमेजॉन नॉउ के जरिये अपनी पेशकश को और बेहतर बनाने का लक्ष्य कर रही है।

अग्रवाल ने कहा, ‘तीन साल पहले (2023) हम जहां थे, उसके मुकाबले हम भारत में अपने सदस्यों का आधार, अपने प्राइम सदस्यों का आधार दोगुना करने की राह पर हैं।’ उन्होंने कहा, ‘बड़े शहरों के हमारे सदस्यों की तरह ही मझोले और छोटे शहरों के ग्राहक भी स्थानीय भाषा में ब्लॉकबस्टर मनोरंजन की बड़ी लाइब्रेरी के साथ, तीव्र मुफ्त डिलिवरी, पेशकशों और सौदों की सराहना करते हैं। प्राइम असल में डिलिवरी की सबसे आकर्षक पेशकश बनी हुई है और एमेजॉन नाउ के साथ यह बेहतर होती जा रही है।’

एमेजॉन ने अपने प्राइम सदस्यों की संख्या का विवरण नहीं दिया। लेकिन उद्योग के सूत्रों के अनुसार एमेजॉन प्राइम के भारत में करीब 2 करोड़ से 2.3 करोड़ पेड सबस्क्रिाइबर होने का अनुमान है, जबकि उसके स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म एमेजॉन प्राइम वीडियो का 6 से 6.6 करोड़ सक्रिय दर्शकों का बहुत बड़ा आधार है।

First Published : June 19, 2026 | 8:13 AM IST