टेक-ऑटो

Username फीचर पर सरकार की सख्ती के बीच WhatsApp ने दी सफाई, जारी किए FAQs

WhatsApp के नए Username फीचर में यूजर्स बिना मोबाइल नंबर शेयर किए चैट कर सकेंगे, जबकि Meta ने सुरक्षा और फर्जी अकाउंट रोकने के लिए कई नए उपाय बताए हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 02, 2026 | 1:50 PM IST

WhatsApp Username Feature: WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स के लिए Username Feature लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर के जरिए लोग अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी WhatsApp पर दूसरे यूजर्स से जुड़ सकेंगे। हालांकि, इस फीचर को लेकर फर्जी अकाउंट, पहचान की चोरी (Impersonation) और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी आशंकाएं भी सामने आई हैं।

इन्हीं चिंताओं के बीच Meta के स्वामित्व वाले WhatsApp ने इस फीचर से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब (FAQs) जारी किए हैं। कंपनी का कहना है कि यूजर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं। वहीं, केंद्र सरकार भी इस फीचर को लेकर अपनी चिंताएं जता चुकी है और Meta को इस संबंध में नोटिस भेज चुकी है।

क्या WhatsApp Username बनाना जरूरी होगा?

WhatsApp ने साफ किया है कि Username Feature पूरी तरह वैकल्पिक (Optional) होगा। यानी यूजर्स चाहें तो अपना मोबाइल नंबर ही इस्तेमाल करते रहें या फिर अलग से यूजरनेम बनाकर लोगों से जुड़ें।

अगर पसंद का Username पहले से लिया जा चुका हो तो क्या होगा?

कंपनी के मुताबिक, हर यूजर अपनी पसंद का Username नहीं चुन पाएगा। इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं।

  • अगर वही Username पहले से किसी Instagram या Facebook अकाउंट का है, तो उसे संबंधित अकाउंट के लिए सुरक्षित रखा जाएगा
  • सार्वजनिक हस्तियों, सेलिब्रिटीज, सरकारी संस्थानों और Meta Verified अकाउंट्स के नाम पहले से सुरक्षित (Reserved) रहेंगे।
  • अगर कोई सामान्य Username पहले ही किसी दूसरे यूजर ने ले लिया है, तो WhatsApp वैकल्पिक Username सुझाएगा।

फर्जी अकाउंट और Impersonation से कैसे मिलेगी सुरक्षा?

WhatsApp का कहना है कि लोकप्रिय नामों और सार्वजनिक हस्तियों के नाम किसी दूसरे व्यक्ति के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इन्हें केवल वास्तविक और अधिकृत अकाउंट मालिक ही इस्तेमाल कर सकेंगे।

इसके अलावा कंपनी ब्लॉक और रिपोर्ट किए गए अकाउंट्स पर लगातार नजर रखेगी ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी या फर्जी गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

क्या कोई भी Username जानकर आपको मैसेज भेज सकेगा?

WhatsApp ने स्पष्ट किया है कि जैसे ऐप में किसी मोबाइल नंबर को सीधे सर्च नहीं किया जा सकता, उसी तरह Username भी सर्च नहीं किए जा सकेंगे।

अगर कोई नया व्यक्ति पहली बार संपर्क करेगा, तो WhatsApp उसकी कुछ जरूरी जानकारी दिखाएगा। इसमें अकाउंट नया है या नहीं, वह किस देश से है और क्या दोनों किसी कॉमन ग्रुप में हैं जैसी जानकारी शामिल होगी। यूजर चाहें तो ऐसे अकाउंट को तुरंत ब्लॉक या रिपोर्ट भी कर सकते हैं।

क्या है Username Key?

WhatsApp इस फीचर के साथ Username Key नाम का अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प भी देगा।

अगर कोई यूजर इसे सक्रिय करता है, तो केवल Username जान लेना पर्याप्त नहीं होगा। दूसरे व्यक्ति को संपर्क करने के लिए Username के साथ Username Key की भी जरूरत पड़ेगी। यूजर किसी भी समय इस Key को बदल सकता है, जिससे नए लोगों का संपर्क अपने आप बंद हो जाएगा।

क्या Instagram या Facebook अकाउंट लिंक करना जरूरी होगा?

अगर कोई यूजर Instagram या Facebook वाला वही Username WhatsApp पर भी इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे अपने Meta अकाउंट्स लिंक करने होंगे।

हालांकि, यह पूरी तरह वैकल्पिक होगा। Username सुरक्षित करने के बाद यूजर चाहे तो बाद में उन अकाउंट्स को अनलिंक भी कर सकता है या फिर WhatsApp के लिए अलग Username चुन सकता है।

क्या बाद में Username बदला जा सकेगा?

WhatsApp ने बताया है कि यूजर भविष्य में अपना Username बदल सकेंगे। हालांकि, नया Username तभी मिलेगा जब वह पहले से किसी दूसरे यूजर द्वारा इस्तेमाल न किया जा रहा हो।

लोकप्रिय Username बेचने के दावों से रहें सावधान

WhatsApp ने यूजर्स को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर लोकप्रिय Username सुरक्षित कराने या बेचने के दावे भ्रामक हैं। कंपनी के अनुसार, सार्वजनिक हस्तियों और सुरक्षित श्रेणी में आने वाले नाम केवल उनके वास्तविक मालिकों को ही दिए जाएंगे।

कब तक आएगा नया फीचर?

WhatsApp ने फिलहाल Username रिजर्वेशन की प्रक्रिया शुरू की है। कंपनी का कहना है कि इस फीचर को इसी साल चरणबद्ध तरीके से सभी यूजर्स के लिए लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च से पहले कंपनी यूजर्स और सरकार से मिले सुझावों पर भी काम कर रही है, ताकि सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ी सभी चिंताओं का समाधान किया जा सके।

First Published : July 2, 2026 | 1:50 PM IST