प्रतीकात्मक तस्वीर
NFO Alerts: फ्लैक्सी कैप फंड स्कीम में निवेश का मौका तलाश रहे निवेशकों के लिए क्वांटम म्युचुअल फंड (Quantum Mutual Fund) ने नई फंड स्कीम लॉन्च कर दी है, जो एक ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है। इस स्कीम का पैसा लॉन्ग टर्म में कैपिटल बढ़ाने के लिए लार्ज, मिड और स्मॉलकैप कंपनियों में लगाया जाएगा।
क्वांटम फ्लैक्सी कैप फंड 21 अगस्त 2026 से निवेश के खुल गया है। निवेशक इसमें 4 सितंबर 2026 तक निवेश कर सकते हैं। हालांकि, यह स्कीम 11 सितंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए फिर से खुलेगी।
क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड में कम से कम 500 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। इसके बाद निवेशक 1 रुपये के मल्टिपल में निवेश कर सकेंगे। NFO के दौरान और बाद में भी यही नियम लागू रहेगा। अगर निवेशक 180 दिनों के भीतर यूनिट बेचता है, तो 10 फीसदी यूनिट पर कोई एग्जिट लोड नहीं लगेगा, जबकि बाकी 90 फीसदी यूनिट पर 1 फीसदी एग्जिट लोड लगेगा। 180 दिनों के बाद यूनिट बेचने पर कोई एग्जिट लोड नहीं लिया जाएगा।
स्कीम इनफॉर्मेंस डॉक्युमेंट (SID) में फंड हाउस ने बताया कि क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड एक्टिव इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटजी को फॉलो करेगा। फंड का पोर्टफोलियो डायवर्सिफाइ रहेगा। यानी कि लार्ज, मिड और स्मॉलकैप कंपनियों में निवेश किया जाएगा। फंड का बेंचमार्क BSE 500 TRI है। इस फंड के मैनेजर चिराग मेहता हैं।
Also Read: गोल्ड-सिल्वर में कर सकते निवेश! ITI म्युचुअल फंड का नया मल्टी एसेट NFO लॉन्च, ₹500 से शुरू SIP
क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड अपने कुल निवेश का कम से कम 65 फीसदी और अधिकतम 100 फीसदी इक्विटी और उससे जुड़े इंस्ट्रूमेंटस् में लगाएगा। इसके अलावा डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में 0 से 35 फीसदी, जबकि REITs और InvITs में 0 से 10 फीसदी तक निवेश किया जा सकता है। यानी फंड का मुख्य फोकस शेयर बाजार में निवेश पर रहेगा। लेकिन बाजार की स्थिति के अनुसार डेट और अन्य इंस्ट्रूमेंट में भी पैसा लगाया जा सकता है।
| निवेश का साधन | न्यूनतम | अधिकतम |
|---|---|---|
| इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट | 65% | 100% |
| अन्य इक्विटी साधन, REITs सहित | 0% | 10% |
| डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स | 0% | 35% |
| InvITs | 0% | 10% |
स्त्रोत:क्वांटम म्युचुअल फंड हाउस
लंबी अवधि के लिए इक्विटी में निवेश की चाह रखने वाले निवेशक इस NFO में निवेश कर सकते हैं। साथ ही बाजार में उतार-चढ़ाव को सहन कर सकते हैं। निवेशक डायरेक्ट या रेगुलर प्लान में ग्रोथ ऑप्शन चुन सकते हैं। हालांकि, फंड का रिटर्न तय नहीं है। ऐसे में निवेशकों को अपने जोखिम के हिसाब से निवेश से जुड़ा फैसला करना चाहिए।
क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड, इक्विटी बेस्ड फंड है। इसलिए फंड का रिटर्न बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर होगा। साथ ही बाजार के जोखिमों के अधीन रहेगा। ऐसे में लार्ज, मिड और स्मॉल-कैप शेयरों की कीमतों में गिरावट का सीधा असर फंड के रिटर्न पर पड़ सकता है। रिस्कोमीटर पर इस स्कीम को बहुत अधिक जोखिम की कैटेगरी में रखा गया है।
(डिस्क्लेमर: यहां केवल एनएफओ की जानकारी दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश संंबंधी फैसला करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श कर लें।)