बाजार

SEBI ने लावा इंटरनेशनल को IPO ड्राफ्ट पेपर संशोधन के लिए लौटाए

Published by
भाषा
Last Updated- January 17, 2023 | 3:50 PM IST

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने घरेलू मोबाइल विनिर्माता लावा इंटरनेशनल (Lava International) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) दस्तावेजों को वापस लौटा दिया है। नियामक ने कंपनी से इन दस्तावेजों में कुछ संशोधन करने को कहा है। इस कदम से कंपनी के IPO में देरी हो सकती है।

लावा इंटरनेशनल ने IPO के जरिये पूंजी जुटाने के लिए सितंबर, 2021 में नियामक सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा कराये थे। IPO के तहत 500 करोड़ रुपये तक के नये शेयर जारी किए जाने थे और 4,37,27,603 शेयरों की बिक्री पेशकश (OFS) लाई जानी थी।

बाजार नियामक ने मंगलवार को बताया कि उसने कंपनी के दस्तावेजों को 13 जनवरी, 2023 को इस सलाह के साथ वापस कर दिया कि कुछ विशिष्ट संशोधनों के बाद इसे फिर से जमा कराया जाये। हालांकि, नियामक ने यह नहीं बताया कि उसने कंपनी से दस्तावेजों में कैसे संशोधन करने को कहा है।

First Published : January 17, 2023 | 3:50 PM IST