बाजार

Tata, Hyundai या TVS? नुवामा ने बताए लंबे समय के लिए 4 सबसे भरोसेमंद ऑटो शेयर

जून में ऑटो कंपनियों की बिक्री मजबूत रहने की उम्मीद है। नुवामा ने हुंडई, टाटा मोटर्स, टीवीएस मोटर और आयशर मोटर्स को अपनी टॉप पसंद बताया है

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- June 25, 2026 | 9:36 AM IST

Auto Stocks to Buy: जून महीने में ऑटो कंपनियों की बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है। महीने के एक हिस्से में अधिक मास होने के बावजूद नई गाड़ियों की मजबूत मांग, आसान व्हीकल लोन और निर्यात में सुधार के चलते ज्यादातर कंपनियों की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिल सकती है।

ब्रोकरेज फर्म नुवामा की रिपोर्ट के मुताबिक, जून में यात्री वाहन, दोपहिया, कमर्शियल वाहन और ट्रैक्टर, सभी प्रमुख श्रेणियों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट का कहना है कि ज्यादातर वाहन कंपनियों के निर्यात में भी सुधार देखने को मिलेगा।

यात्री वाहनों की बिक्री में 20 फीसदी से ज्यादा बढ़त संभव

रिपोर्ट के मुताबिक, जून में कारों की बिक्री 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ सकती है। इसकी वजह है कि लोगों के लिए गाड़ी खरीदना पहले के मुकाबले आसान हुआ है, बाजार में नए मॉडल आए हैं और वाहन खरीदने के लिए आसानी से लोन मिल रहा है। नुवामा का अनुमान है कि टाटा मोटर्स की कारों की बिक्री में करीब 55 फीसदी, महिंद्रा में 24 फीसदी, मारुति सुजुकी में 10 फीसदी और हुंडई में करीब 1 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।

दोपहिया वाहनों की मांग बनी रहेगी मजबूत

रिपोर्ट के मुताबिक, जून में दोपहिया वाहनों यानी बाइक और स्कूटर की बिक्री भी 10 फीसदी से ज्यादा बढ़ सकती है। शादी-ब्याह का सीजन, आसानी से मिलने वाला लोन और अफ्रीका व लैटिन अमेरिका जैसे देशों में बढ़ता निर्यात इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। नुवामा का अनुमान है कि टीवीएस मोटर की बिक्री करीब 29 फीसदी, रॉयल एनफील्ड की 28 फीसदी और बजाज ऑटो की 22 फीसदी बढ़ सकती है। वहीं, हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री पिछले साल के मुकाबले करीब 2 फीसदी घट सकती है, क्योंकि पिछले साल इसी समय कंपनी की बिक्री काफी ज्यादा रही थी।

ट्रैक्टर और कमर्शियल वाहन भी रहेंगे मजबूत

रिपोर्ट के मुताबिक, जून में ट्रैक्टरों की बिक्री भी 10 फीसदी से ज्यादा बढ़ सकती है। इसकी वजह गांवों में लोगों के पास बढ़ती नकदी, आसानी से मिलने वाला लोन और ट्रैक्टर खरीदने की बेहतर क्षमता है। हालांकि डीजल महंगा होने से किसानों की लागत बढ़ सकती है। वहीं, कमर्शियल वाहन यानी ट्रक और बसों की बिक्री में भी अच्छी बढ़त की उम्मीद है। नुवामा का मानना है कि इस मामले में टाटा मोटर्स सबसे बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। इसकी वजह कंपनी के नए मॉडल और कम खर्च में चलने वाले वाहन हैं।

Auto Stocks to Buy: इन कंपनियों पर सबसे ज्यादा भरोसा

लंबी अवधि के निवेश के लिए नुवामा की पसंदीदा Auto stocks में हुंडई मोटर इंडिया, टाटा मोटर्स का यात्री वाहन कारोबार, टीवीएस मोटर और आयशर मोटर्स शामिल हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले सालों में इन कंपनियों का प्रदर्शन बाकी कंपनियों के मुकाबले बेहतर रह सकता है।

कंपनी जून 2026 अनुमानित बिक्री (यूनिट) सालाना वृद्धि (%)
हीरो मोटोकॉर्प 5,45,000 -2
बजाज ऑटो 4,40,000 22
टीवीएस मोटर 5,20,000 29
आयशर मोटर्स (रॉयल एनफील्ड) 1,15,000 28
आयशर वीईसीवी 8,200 11
अशोक लीलैंड 16,700 9
टाटा मोटर्स (कमर्शियल वाहन) 34,000 12
टाटा मोटर्स (यात्री वाहन) 57,700 55
महिंद्रा (ऑटो) 98,000 24
महिंद्रा (फार्म) 58,800 10
मारुति सुजुकी 1,85,000 10
हुंडई 61,500 1
एस्कॉर्ट्स 12,900 12

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : June 25, 2026 | 9:32 AM IST