मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

Dividend Alert: सरकारी कंपनी ने पहली बार दिया डिविडेंड! NTPC के खाते में आए 51 करोड़ रुपये

NTPC को झारखंड की सरकारी बिजली कंपनी से डिविडेंड मिला है। यह कंपनी NTPC और झारखंड बिजली वितरण निगम का जॉइंट वेंचर है।

NTPC

NTPC

Last Updated: सितंबर 24, 2026 | 6:53 PM IST

Dividend Alert: नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (NTPC) के लिए आज का दिन अच्छा रहा। एक तरफ मार्केट में चौतरफा बिकवाली के बीच कंपनी के शेयर हरे निशान में बंद हुए तो दूसरी ओर इसे करोड़ों रुपये के डिविडेंड का चेक मिला. NTPC को झारखंड की पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) की ओर से 51.70 करोड़ रुपये का डिविडेंड दिया गया है।

झारखंड स्थित PVUNL, NTPC और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) की जॉइंट वेंचर है। PVUNL में NTPC की 74 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि JBVNL के पास 26 फीसदी हिस्सेदारी है। PVUNL के चेयरमैन एस सुंदरम, सीईओ अशोक कुमार सहगल और सीएफओ अमित रौतेला ने NTPC के चेयरमैन गुरदीप सिंह को डिविडेंड का चेक सौंपा।

पहली बार मिला डिविडेंड

PVUNL ने नवंबर 2025 में अपने प्रोजेक्ट से बिजली की सप्लाई शुरू की थी। इसके बाद कंपनी की ओर से दिया गया यह पहला डिविडेंड है। कंपनी के सीएफओ अमित रौतेला के मुताबिक कमर्शियल ऑपरेशन के पहले ही साल में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन मजबूत रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में PVUNL की कुल आय 1,148.48 करोड़ रुपये रही। कंपनी का EBITDA करीब 467 करोड़ रुपये रहा, जबकि टैक्स के बाद मुनाफा यानी PAT 127.16 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कुल 69.87 करोड़ रुपये का डिविडेंड

कंपनी के बोर्ड ने मई में हुई अपनी 57वीं बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल 69.87 करोड़ रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की थी। इसमें से NTPC के हिस्से में 51.70 करोड़ रुपये आए हैं। वहीं जॉइंट वेंचर पार्टनर JBVNL को 18.17 करोड़ रुपये का डिविडेंड मिलेगा।

पतरातू में 19,000 करोड़ रुपये का पावर प्रोजेक्ट

PVUNL ने झारखंड के पतरातू में करीब 19,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,400 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट में 800 मेगावाट क्षमता की तीन यूनिट हैं। इनमें से दो यूनिट ऑपरेशनल हो चुकी हैं, जबकि कंपनी तीसरी यूनिट को चालू करने की दिशा में काम कर रही है। PVUNL अपने प्रोजेक्ट से पैदा होने वाली बिजली का 85 फीसदी हिस्सा झारखंड को सप्लाई करती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Advertisement