प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
SIP Investment Strategy: शेयर बाजार में तेजी हो या गिरावट, निवेशकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अक्सर सही समय चुनने की होती है। लेकिन इतिहास बताता है कि लंबी अवधि में सफलता केवल “सही समय” पकड़ने से नहीं, बल्कि लगातार और अनुशासित निवेश (Disciplined Investing) से मिलती है। यही वजह है कि सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) को निवेश की दुनिया में सबसे भरोसेमंद तरीकों में गिना जाता है। दरअसल, SIP कोई जादुई फॉर्मूला नहीं है। यह एक सिस्टमैटिक और अनुशासित प्रक्रिया है, जो निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच भी निवेश जारी रखने और बेहतर रिटर्न हासिल करने में मदद करती है।
DSP म्युचुअल फंड की नेत्रा रिपोर्ट बताती है कि लंबी अवधि में SIP निवेशकों ने आमतौर पर पॉजिटिव और रियल रिटर्न हासिल किए हैं। यहां तक कि जिन बाजारों में SIP के वास्तविक रिटर्न सीमित रहे, वहां भी एकमुश्त निवेश (Lump Sum) के वास्तविक रिटर्न कई बार नेगेटिव रहे। इससे यह साफ होता है कि सिस्टमैटिक इन्वेस्टिंग बाजार की अनिश्चितताओं के बीच ज्यादा टिकाऊ रणनीति साबित होती है।
फंड हाउस के विश्लेषकों ने कहा कि 30 साल का SIP निवेश काल कई निवेशकों को काफी लंबा लग सकता है। इसे ज्यादा प्रैटिकल तरीके से समझाने के लिए रिपोर्ट में 5 साल के रोलिंग SIP रिटर्न को भी शामिल किया गया है। विश्लेषकों के मुताबिक, SIP के जरिए लगातार और अनुशासित निवेश करने से निवेशकों की व्यवहारगत गलतियां (behavioral errors) कम होती हैं। साथ ही, गलत समय पर निवेश करने के फैसलों का असर भी काफी हद तक घट जाता है।
Also Read: Explainer: SIF निवेशकों की जरूरत या प्रोडक्ट पुश? क्या दूर होंगी म्युचुअल फंड्स की कमियां
30 साल के SIP रिटर्न के विश्लेषण के बाद फंड हाउस ने निवेशकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सीख साझा की हैं। उनका मानना है कि इन सिद्धांतों का पालन करके निवेशक अपने वित्तीय लक्ष्यों को ज्यादा अनुशासित और प्रभावी तरीके से हासिल कर सकते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, SIP की सबसे बड़ी ताकत निवेशक के व्यवहार को नियंत्रित करना है। बाजार में गिरावट आने पर डर (Fear) निवेशकों को कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर करता है, जबकि तेजी के दौर में लालच (Greed) उन्हें ज्यादा जोखिम लेने की ओर धकेलता है। इसी तरह हाल की घटनाओं को भविष्य मान लेने की प्रवृत्ति (Recency Bias), जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास (Overconfidence) और घबराहट (Panic) अक्सर गलत फैसलों की वजह बनते हैं।
SIP इन भावनात्मक गलतियों को काफी हद तक कम करता है। क्योंकि इसमें निवेश एक तय प्रक्रिया के तहत नियमित अंतराल पर होता रहता है। निवेशक को हर बार बाजार का अनुमान लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। यही कारण है कि SIP को व्यवहारगत गलतियों (Behavioural Biases) के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच माना जाता है।
Also Read: SIP ‘किंग’: इस फंड ने ₹1000 की SIP से 30 साल में बना दिए ₹2.5 करोड़; देखें कहां लगाया पैसा?
रिपोर्ट बताती है कि निवेश में सफलता केवल ज्ञान या कौशल से नहीं आती, बल्कि अनुशासन से आती है। SIP निवेशकों को यह स्वीकार करना सिखाता है कि बाजार में हर समय असाधारण रिटर्न नहीं मिलेंगे, लेकिन लंबे समय में औसत और स्थिर रिटर्न भी बड़ी संपत्ति बना सकते हैं।
SIP से जुड़ी तीन सबसे बड़ी सीख हैं–
असल में, SIP निवेशकों को यह समझाता है कि बाजार को हराना जरूरी नहीं है, बल्कि बाजार में लंबे समय तक टिके रहना ज्यादा जरूरी है। यही अनुशासित व्यवहार समय के साथ दौलत बनाने की सबसे मजबूत नींव बनता है।